भोपाल अवधपुरी थानांतर्गत खजूरी कला इलाके में एक दंपति की कल कथित रुप से नृशंस हत्या करने के मामले में उनके पुराने घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस उपाधीक्षक धर्मेन्द्र चैधरी ने बताया कि शहर के नर्मदा वैली कॉलोनी में एयरफोर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी जी के नायर (70) एवं उनकी पत्नी गोमती (68) की हत्या करने के मामले में राजू धाकड़ (32) को कल देर रात शहर के गोपाल नगर झुग्गी से गिरफ्तार किया गया. वह इस दंपति के घर में पहले घरेलू कामकाज किया करता था और मूल रुप से ग्वालियर का रहने वाला है. उन्होंने बताया कि आरोपी ने व्यक्तिगत कारणों से इस दंपति की हत्या की बात स्वीकारी है. चैधरी ने कहा कि राजू ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह नायर दंपति के घर में घरेलू कामकाज करने के साथ-साथ भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) भोपाल में कॉट्रेक्ट लेबर के रुप में काम करता था. आरोपी के अनुसार इस दंपति ने उसे अपने घर से नौकरी से निकालने के साथ-साथ भेल की नौकर से भी हटवा दिया था. उन्होंने कहा कि इसके अलावा राजू ने नायर दंपति से अपनी बहन की शादी के लिए कुछ रुपये भी उधार लिये थे. इन्हीं सब बातों से नाराज होकर राजू ने इस दंपति के घर में घुसकर दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी और वहां से एक सोने की चेन और आठ चूड़ियां चुराकर फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सभी जेवर बरामद करने के साथ-साथ वारदात में उपयुक्त चाकू एवं खून से सने कपड़े जब्त किये हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें