बुधवार, 2 मई 2018

10 साल पुलिस को अंगुलियों पर नचाती रही सोनिया

मध्यप्रदेश की पुलिस को एक आठवीं पास युवती पूरे 10 साल तक अपनी अंगुलियों पर नचाती रही. युवती खुद को एडीजी की रिश्तेदार बताती और अधिकारियों से काम करती रही. युवती राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन के पुलिस मैस में भी रुक चुकी है.
32 वर्षीय सोनिया शर्मा की दबंगाई का पर्दाफाश इंदौर में हुआ वह भी एक दशक बाद. सोनिया  खुद को भोपाल के एडीजी अजय शर्मा की बहन बताकर जब-तब पुलिस की आफिसर्स मैस में ठहर रही थी. इंदौर ही नहीं भोपाल और उज्जैन की मैस में भी वह इसी तरह रुकती रही. इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों ने उसे गाड़ी और गनमैन जैसी सुविधाएं दे रखी थी. 
पुलिस के अनुसार सोनाली पहली बार 2008 में रिटायर्ड डीजी लोकायुक्त कापदेव के रिफरेंस पर उनकी बेटियों के साथ आफिसर्स मैस में ठहरी थी. बाद में इसने पुलिस अधिकारियों से पहचान बनाई और उनकी रिश्तेदार बताकर फायदा उठाना शुरू किया. इसके बाद इसका आना-जाना लगा रहा तो मैस के कर्मचारी भी इसे विशिष्ट अतिथि की तरह सम्मान देने लगे. इसने कुछ समय पूर्व एक रेलवे एसपी के फोन से भी रूम बुक कराया  था. वह कुछ दिन पहले सीएसपी ज्योति उमठ की शादी में भी शामिल हुई थी.
इस तरह खुलासा हुआ मामले का 
बीते सोमवार रात 12 बजे पुलिस अफसरों ने पहली बटालियन स्थित आॅफिसर मैस से सोनिया को हिरासत में लिया. वह मैस में एडीजी अजय शर्मा की बहन बताकर अक्सर रुकती थी. सोमवार रात मैस में एडीजी एसएएफ पवन श्रीवास्तव की शादी की सालगिरह की पार्टी थी. इसमें शामिल होने के लिए सोनिया पहुंची थी. यहां आते समय उसने पलासिया टीआई को फोन कर दो गुलदस्ते भेजने को कहा. टीआई ने इंकार किया तो उसे धमकाने लगी. इससे टीआई को शक हुआ और उसने एडीजी के स्टेनो से पूछताछ की. मामला एडीजी तक पहुंचा तो उन्होंने कहा कि मेरी तो कोई बहन ही नहीं है. युवती अब पुलिस हिरासत में है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने कई नेताओं और अफसरों से संपर्क का दावा किया है. बताया जा रहा है कि सोनिया ने हाल ही में प्लास्टिक सर्जरी भी कराई थी.  
पूछताछ में सपना-संगीता इलाके में विद्या नगर के फ्लैट 402 की जानकारी मिली. यह फ्लैट सोनिया ने किराए से ले रखा है. यहां पर कृष्णा राठौर निवासी भोपाल मिला. सोनिया ने पहले उसे अपना भाई बताया. घर पर मिले दस्तावेज में उसका नाम सोनिया के पति के रूप में था. बाद में काफी पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि कृष्णा उसका ब्वॉयफ्रेंड है. 10 साल से दोनों की दोस्ती है. वह भी भोपाल का रहने वाला है. उसका पूरा खर्च सोनिया ही उठाती है. सोनिया आठवीं पास है और कृष्णा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है. नौकरी लग जाने पर दोनों शादी करने वाले थे. युवती ने भोपाल में होशंगाबाद रोड पर घर बताया है. पिता किसान थे, जिनकी मौत हो गई है. परिवार में मां ही है, जो भोपाल में रहती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें