शनिवार, 5 मई 2018

सीखा रहे हैं गुजरात की राठवां चित्रकला


इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल में करो और सीखो संग्रहालय शैक्षणिक कार्यशाला में ग्राम रंगपुर सडली, छोटा उदयपुर गुजरात के राठवा चित्रकला पर प्रशिक्षण सह प्रदर्शन कार्यक्रम पंजीकृत प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान, कार्यशाला के मुख्य कलाकार हरसिंह ने बताया कि राठावा जनजाति द्वारा बनाए जाने वाले पिथौरा के बारे में एक घटना हुआ था, जब धरती पर सूखा पड़ा था तथा कहीं भी पानी का नामो निशान भी नहीं था. धरती पर रहना मुश्किल हो गया था. इस समय एक भक्त ने बाबा पिथौरा से वरदान प्राप्त करने और आयी मुसिबत से छुटकारा पाने के लिए प्रतिज्ञा की, और भक्त ने अपनी प्रतिज्ञा पुरी करने के लिए कई प्रकार के अनुष्ठानों का आयोजन किया, तब बाबा पिथौरा ने भक्त को उसके घर के ओसारी के सामने दीवाल में चित्र बनाकर स्थापित करने का निर्देश दिया उस भक्त ने वैसे ही किया तो उसके बाद बाबा पिथौरा की कृपा से बारिश शुरू हुई और पूरी पृथ्वी सभी तरफ से हरी भरी हो गयी तथा आयी विपत्तियां खत्म हो गयी. तब से राठावा जनजातीयों के घरों में जीवन में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए प्रतिज्ञा और अनुष्ठान कर ओसारी में बाबा पिथौरा के चित्र बनाते है.
घरधानी (गृहमालिक) अपने द्वारा ली गई प्रतिज्ञाओं को पूरा करने के लिए अपने घर में चित्र बनवाता है. यह चित्र एक विशिष्ट मापदंडों के आधार पर बनाते है जिसके कारण इसकी अलग पहचान हेाती है. परंपरा द्वारा बनाये गये नियमों के अनुसार लखरा (चित्र बनाने वाला) चित्र बनाता है. और बड़वा(सिद्ध व्यक्ति) अनुष्ठान करते है. घरधानी, लखरा और बड़वा तीनों अपने कर्तव्यों निर्वाहन करते हुए बाबा पिथौरा का चित्र निर्माण की अनुष्ठानिक कार्य को पूर्ण करते है.
बाबा पिथौरा चित्रकला के एक चित्र में 165 प्रकार के प्रतीक चिन्ह (विशेष लक्षण) बने होते है. यह चित्रकला दो प्रकार की होती है. पहला अरधों पिथौरा (आधा पिथौरा) - इसमें समान्यताः 5 से 9 घोडे के चित्र बनाए जाते है, और बाबा गणेश को छोड़कर घोड़ों में कोई भी सवार नहीं होता. एवं दूसरा अखो पिथौरा (पूरा पिथौरा) इसमें कुल 18 घोडे़ उनके दिव्य सवारों के साथ चित्रित किये जाते है. घरधानी द्वारा ली गई प्रतिज्ञा एवं किए गए अनुष्ठान के बाद पिथौरा चित्रकला बनवाने का कार्य घरधानी की मौद्रिक क्षमता के आधार पर निर्भर होता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें