शुक्रवार, 4 मई 2018

पिछड़ा वर्ग महाकुंभ सागर में


 



 मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सागर में छ: मई को पिछड़ा वर्ग महाकुंभ और रामजी महाजन पिछड़ा वर्ग सेवा राज्य पुरस्कार-2015 वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान बामोरा स्कूल ग्राउण्ड में दोपहर दो बजे शुभारंभ करेंगे. पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  ललिता यादव की अध्यक्षता में होने वाले महाकुंभ में वित्त मंत्री जयंत मलैया, गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  गोपाल भार्गव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री कुसुम सिंह मेहदेले और राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी भाग लेंगे. आयुक्त पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण रमेश थेटे आज तैयारियों की समीक्षा की.
थेटे ने बताया कि इस अवसर पर रामजी महाजन पिछड़ा वर्ग सेवा राज्य पुरस्कार-2015 से कान्ति पटेल,  आशा साहू,  माया विश्वकर्मा, सूरज सिंह मारण, डॉ जे.के. यादव, अल्का सैनी, नारायण सिंह डागोर, बबिता परमार,  यमुना कछावा,  प्रीति सेन,  कुसुम महदेल (जबलपुर),  राजेश दोडके, डॉ. भगवान भाई पाटीदार,  काशीराम यादव और  महेन्द्र कटियार को दिया जायेगा. इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन और प्रदर्शनी भी आयोजित होगी. महाकुंभ में सागर संभाग के पाँचों जिलों से एक लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना है. समारोह में विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षण संस्थाओं के प्रशिक्षणार्थी और विभिन्न योजनाओं के हितग्राही भी मौजूद रहेंगे. पिछले दिनों नि:शुल्क प्रशिक्षण के बाद विभिन्न पदों पर चयनित होने वाले सफल उम्मीदवारों का सम्मान भी किया जायेगा. राज्य-स्तरीय रोजगार एवं प्रशिक्षण केन्द्र से वर्ष 2017-18 में चार प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टर, 19 पीएससी के माध्यम से 16 पटवारी और 8 अन्य शासकीय पदों पर चयनित हुए हैं. मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्व-रोजगार योजना वर्ष 2017-18 में 110 करोड़ 98 लाख का व्यय किया जाकर युवाओं को अपना रोजगार स्थापित करने में सहायता की गई है. कुम्भ में विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें