बुधवार, 2 मई 2018

एक ही कमरे में युवक-युवतियों का मेडिकल चैकअप



मध्यप्रदेश के धार जिले में आरक्षक भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों के सीने पर एससी, एसटी लिखे जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब भिंड जिले में एक और शर्मनाम घटना घटी. भिंड में आरक्षक भर्ती के दौरान जिला अस्पताल में एक ही कमरे में लड़के, लड़कियों के मेडिकल टेस्ट कराए गए. इस दौरान लड़कों को लड़कियों के सामने अर्द्धनग्न कर दिया गया.
धार जिले में घटित घटना के मामले में मानव अधिकार आयोग ने सरकार को नोटिस दिया, मामले को शांत करने के लिए गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया था. इसके बाद यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि आज फिर भिंड में आरक्षक भर्ती के दौरान कराए गए मेडिकल टेस्ट के दौरान आए अभ्यर्थियों को एक साथ जिला चिकित्सालय में बुलाकर एक ही कमरे में मेडिकल टेस्ट कराया गया. यहां पर लड़कियां भी थी, जिनके सामने लड़कों को अर्द्धनग्न कराकर टेस्ट कराया गया. इस दौरान न तो महिला डाक्टर उपस्थित थी और न ही नर्स. बताया गया कि कुल 39 अभ्यर्थियों के मेडिकल टेस्ट कराए गए, जिनमें 18 लड़कियां और 21 लड़के थे. लड़कियों के सामने लड़कों को अर्द्धनग्न कराए जाने का मामला जब सामने आया तो चिकित्सक मामले में बयान देने से बचते रहे. हालांकि जब मामला गर्माया तो सिविल सर्जन अजीत मिश्रा ने मामले की जांच कराने की बात कही. उन्होंने बताया कि उनकी संज्ञान में जब यह मामला आया तो उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं.
उल्लेखनीय है कि भिंड में आरक्षक भर्ती के दौरान 217 नव आरक्षकों भर्ती हुई है, जिनमें महिला एवं पुरुष शामिल हैं.इन अभ्यर्थियों के अलग-अलग चरण में मेडिकल टेस्ट कराए जा रहे हैं.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें