मंगलवार, 1 मई 2018

शिवराज सरकार के खिलाफ बिगुल फूंका कमलनाथ ने

मध्य प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ आज 1 मई को चिलचिलाती धूप में प्रदेश की शिवराज सिंह चैहान सरकार के खिलाफ बिगूल फूंकते हुए रोड शो किया. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कमलनाथ का यह पहला राज्य आगमन है. मंगलवार को वो भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डे पर उतरे इसके बाद खुली जीप में सवार होकर पार्टी के दफ्तर पहुंचे. हवाई अड्डे से लेकर पार्टी दफ्तर के बीच करीब 100 जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की और फूलमाला पहना कर उनका स्वागत किया. उनके साथ चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, पार्टी महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, दीपक बाबरिया, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचैरी समेत दर्जन भर नेता मौजूद थे. रोड शो के दौरान नेताओं ने राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और पिछले 12 वर्षों में शिवराज सिंह चैहान की सरकार की नाकामियों को गिनाया.
कांग्रेस के इतने नेताओं का जुटान लोगों को इस बात का संदेश देने के लिए हुआ है कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है. इससे पहले इस बात की चर्चा थी कि कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी दो फाड़ हो गई है. सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा तेज थी कि इस साल के अंत तक होनेवाले विधान सभा चुनाव में अगर कांग्रेस जीतती है तो कमलनाथ ही कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे. 
करीब 15 किलोमीटर लंबे रोड शो को देखते हुए भोपाल प्रशासन ने कई अहन मार्गों पर रूट डायवर्ट कर दिया है. इस रूट पर  दो सरकारी और छह प्राइवेट अस्पताल भी हैं. इसलिए पुलिस ने मरीजों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए विशेष व्यवस्था की है. 
यादव ने बनाई दूरी
कांग्रेस आलाकमान के लाख समझाने के बाद भी मध्य प्रदेश में कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई. कांग्रेस के इतने बड़े कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की नाराजगी खुलकर सामने आई है.दरअसल, कमलनाथ के रोड शो में शामिल ना होकर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव अपने सरकारी निवास पर ही मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि अरुण यादव अब भी नाराज हैं. संगठन में कोई पद नहीं मिलने से अरुण यादव नाराज बताए जा रहे हैं. इस दौरान अरुण यादव ने मीडिया के सवालों से भी बचने की कोशिश की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें