मंगलवार, 1 मई 2018

सीने पर एससी, एसटी लिखा, दो निलंबित

 मध्यप्रदेश के धार जिले में नव आरक्षकों (कांस्टेबल) के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरक्षित वर्ग के चयनित उम्मीदवारों के सीने पर उनके वर्ग अर्थात एससी-एसटी दर्ज करने के मामले को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग(एनएचआरसी) ने स्वतरू संज्ञान लिया है. वहीं दो पुलिसकर्मियों को गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने निलंबित कर दिया है.
आयोग ने इसे समानता और गरिमा के अधिकार का उल्लंघन मानते हुए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से चार सप्ताह में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ विस्तृत ब्यौरा मांगा है.एनएचआरसी ने प्रदेश के धार जिला अस्पताल में नव आरक्षकों के चिकित्सा परीक्षण के दौरान आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के नंगे सीने पर जातियों को दर्ज किए जाने के मामले को स्वतरू संज्ञान लिया है. आयोग ने आज मंगलवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर कहा है, मीडिया रपट से पता चलता है कि यह कृत्य सभ्य समाज में किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह समानता और गरिमा के अधिकार का उल्लंघन है. आयोग ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ चार सप्ताह में जवाब मांगा है.
ज्ञात हो कि नव आरक्षकों के सीने पर एससी-एसटी लिखे जाने के मामले ने तूल पकड़ा हुआ है. वहीं मध्य प्रदेश के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने ट्वीटर पर यह जानकारी दी है. उन्होंने लिखा कि धार में आरक्षकों की भर्ती मामले में जांच के बाद दोषी पाए गए जिला पुलिस बल के निरीक्षक नानूराम वर्मा एसएएफ दल के उप निरीक्षक नानूराम मोवेल को तत्काल निलंबित कर दिया गया है व दोषी चिकित्सकों पर कार्यवाही के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें