महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस विभाग में महिलाओं की नियुक्ति को प्रोत्साहित करने और इस दिशा मे मार्गदर्शन व प्रशिक्षण देने के लिये सशक्त वाहिनी अभियान चलाया जा रहा है. सशक्त वाहिनी अभियान के तहत मध्यप्रदेश के जिला होमगार्ड कार्यालय सतना में इस हेतु प्रशिक्षण के लिए युवतियो का शारीरिक मापदंड परीक्षण उपरांत लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया. कुल 159 युवतियों का पंजीयन किया गया. जिसमे 85 युवतियां शारीरिक मापदण्डों मे सफल पाई गई. जिनकी लिखित परीक्षा ली गई. जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी राजेन्द्र बांगरे ने बताया कि म0प्र0 शासन द्वारा पुलिस की भर्ती मे महिलाओं के लिये 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस और होमगार्ड के सहयोग से जिले मे संचालित सशक्त वाहिनी के तहत महिलाओ की पुलिस मे अधिकाधिक भर्ती के उद्देश्य से तीन माह के लिये प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कक्षाओ का संचालन किया जा रहा है. सशक्त वाहिनी के तहत संचालित कक्षाओ मे प्रतिदिनि दो घण्टे की कक्षा ली जाती है. जिसमें एक घण्टा शारीरिक प्रवीणता अभ्यास और एक घण्टे थ्योरी क्लास होती है. अभियान के तहत प्रथम बैच की कक्षायें संचालित है और दूसरा प्रशिक्षण बैच शीघ्र शुरू किया जाएगा. दूसरे बैच के लिये युवतियों के चयन हेतु जिला होमगार्ड कार्यालय परिसर मे आयोजित शारीरिक मानदंड एवं दक्षता परीक्षण के कार्य मे होमगार्ड के जिला कमांडेट विनय कैथवास सहित प्लाटून कमांडर पुष्पेन्द्र पाण्डेय, ए.एस.आई. जयनारायण शर्मा, मेजर गुलाब सिंह बागरी, वर्षा सिंह बघेल और होमगार्ड तथा महिला सशक्तिकरण विभाग का अमला उपस्थित रहा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें