मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसा छिंदवाड़ा कलेक्टर जे.के.जैन और पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बालिका दिवस के परिप्रेक्ष्य में सामाजिक चेतना अभियान के अंतर्गत गत दिवस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सामाजिक चेतना जगाने के लिए जिले के 23 पुलिस थाना परिक्षेत्रों से संबंधित बड़ी जनसंख्यावाली ग्राम पंचायतों में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वरक्षा की थीम पर महिला एवं बाल अधिकार विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों, शौर्या दलों के सदस्यों, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, शासकीय कार्यालयों के अधिकारियों, कर्मचारियों ने सहभागिता की. जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी डॉ.मोनिका बिसेन ने बताया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वरक्षा सम्मान के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को न्यायपालिका, पुलिस, महिला सशक्तिकरण और महिला बाल विकास विभाग के विषय विशेषज्ञों द्वारा पाक्सो अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, पीड़ित प्रतिकर अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम अधिनियम 2005, वन स्टाप सेंटर, महिलाओं की सुरक्षा मुद्दे पर संवेदीकरण, महिलाओं के लिये विधिक साक्षरता आदि की विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही फिल्म कोमल और फिल्म महिला अपराधों के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया. उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम आगामी 17 फरवरी को थाना मुख्यालय परिक्षेत्र की सर्वाधिक जनसंख्या वाली 2 ग्राम पंचायतों में होंगे जिनका समापन 8 मार्च को होगा जिसमें महिलाओं की सुरक्षा में इंटरनेट की भूमिका की ओर ध्यानाकर्षण के लिए सायबर क्राईम पर आधारित कार्यशाला भी आयोजित होगी. कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों से कार्यक्रम में दी गई जानकारी के विषय में फीडबैक फार्म भी भरवायें गये. कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस विभाग का विशेष सहयोग रहा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें