शनिवार, 3 फ़रवरी 2018

भानपुर खंती के कचरे को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरु

 भानपुर स्थित खंती के कचरे का पूर्णत: वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन किया जाएगा. भविष्य में आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए तथा खंती में अवैध तरीके से प्रवेश करने वालों को रोकने के लिये वॉच टॉवर स्थापित करने का काम शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा.  
 यह निर्णय आज महापौर आलोक शर्मा, संभागायुक्त अजात शत्रु श्रीवास्तव, आई.जी. जयदीप प्रसाद, कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे, नगर निगम आयुक्त  प्रियंका दास ने खंती का मुआयना करने के पश्चात मौके पर ही लिए गये. नगर निगम द्वारा कचरे के निष्पादन का कार्य जिस निजी कंपनी के अधिकारियों को दिया गया है, उनके अधिकारियों ने भोपाल पहुंचकर काम भी शुरू कर दिया है.. संभागायुक्त अजातशत्रु श्रीवास्तव ने मौके पर निर्देश दिये कि पहले अन्य व्यवस्था होने तक पोकलेन मशीनों के माध्यम से उन स्थानों के कचरे को उलटा- पलटा जाये, जहां मीथेन गैस जमा होने की आशंका सबसे ज्यादा है.श्रीवास्तव ने खंती के कचरे को नष्ट करने के संबंध में चुनी गई कंपनी के प्रतिनिधियों से बात कर इस बात की जानकारी ली कि प्लास्टिक, ठोस कचरा तथा जैविक कचरे का विनष्टीकरण किस प्रकार करेंगे. कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि आधुनिकतम तकनीक से कचरे को नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जायेगी.  श्रीवास्तव ने इस काम को त्वरित गति से करने के निर्देश कंपनी के प्रतिनिधियों को दिए.     चर्चा में बताया गया कि खंती में दो वाटर हाइडेंट उन स्थानों पर खोदे जायेंगे जहां आग लगने की आशंका ज्यादा रहती है ताकि टेंकर भरने में लगने वाला समय बचाया जा सके. साथ ही आठ स्थानों पर जालीदार पाइप लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है. इन पाइपों के माध्यम से खंती में जमा हो रही गैस को वैज्ञानिक ढंग से धीरे-धीरे बाहर निकाला जा सकेगा. मीथेन गैस डिटेक्टर भी मंगाये गये हैं. इनके माध्यम से यह पता लग सकेगा कि खंती में किन स्थानों पर गैस अधिक मात्रा में जमा है, ताकि उसे वैज्ञानिक ढंग से नष्ट किया जा सके.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें