गुरुवार, 1 फ़रवरी 2018

मंदसौर ओर रीवा सोलर पॉवर प्लांट के लिए करारनामा

मध्यप्रदेश के रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड और इंडियन रिन्यूवल एजेंसी (इरेडा) के बीच रीवा और मंदसौर सोलर पावर प्लांट की अधोसंरचना विकसित करने के लिए करारनामे पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर किये गये. करारनामे के अंतर्गत इस कार्य के लिए विश्व बैंक 216 करोड़ रुपये का ऋण देगा. यह ऋण 20 साल में 8.5 प्रतिशत की स्थिर ब्याज दर से वापस करना होगा. इस ऋण में पांच साल का मोरटोरियम पीरिएड होगा. यह करारनामा नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में इरेडा के चेयरमैन के.एस. पोपली और मध्यप्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा  मनु श्रीवास्तव की मौजदूगी में किया गया.  
 ज्ञातव्य है कि विश्व बैंक द्वारा भारत में सौर पार्क के आधारभूत संरचना विकास के लिए 100 मिलियन डॉलर का प्रावधान किया गया है. इसके तहत 75 मिलियन डॉलर का ऋण है, 23 मिलियन डॉलर क्लीन टैक्नोलोजी फंड एवं 2 मिलियन डॉलर तकनीक सहयोग का फंड है. विश्व बैंक के सहयोग से सौर पार्क विकसित करने के लिए ऋण प्राप्त करने वाली मध्यप्रदेश की रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड पहली कम्पनी है जिसने इस तरह के नवाचार का प्रयोग कर नये मापदंड स्थापित किये हैं. इसके अतिरिक्त, राज्य शासन ने राज्य की संस्था द्वारा क्रय किये जाने वाली विद्युत के भुगतान की सुनिश्चितता के लिए गारंटी का प्रावधान किया है. राज्य में परियोजना स्थापना में गंभीरता की परिचायक की यह पहल कम टैरिफ प्राप्त करने में अति महत्वपूर्ण साबित हुई है. प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा  मनु श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना के विकास का एक ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया गया है जिसमें देश में न्यूनतम क्रय दर (टैरिफ) रुपये 2.97 प्रति यूनिट प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि यह टैरिफ कोयले एवं अन्य स्रोतों द्वारा उत्पन्न की जाने वाली विद्युत से भी कम है. उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के वर्ष 2022 तक देश में एक लाख मेगावॉट क्षमता की सौर ऊर्जा स्थापित करने के संकल्प को पूरा करने में सहयोग प्रदान करने के लिये कटिबद्ध है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारअन्य सौर ऊर्जा पार्कों का विकास भी किया जा रहा है जिनकी उत्पादन क्षमता दो हजार मेगावाट लक्षित है.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें