रविवार, 4 फ़रवरी 2018

नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा देने से बढ़कर नहीं है कोई पुण्य कार्य

 प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताये मार्ग पर चल रही हैं तथा समाज के सबसे पिछडे़ व गरीब तबके के लोगों के कल्याण के लिए दिन-रात कार्य कर रही हैं. गरीबों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं व पैथोलॉजी सुविधा के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने सरदार पटेल नि:शुल्क औषधी वितरण योजना संचालित की गई हैं. गरीबों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा देने से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नही हैं. यह बात प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर के नवनिर्मित जिला चिकित्सालय भवन में आयोजित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर के शुभारंभ अवसर पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही. इस दौरान कलेक्टर दीपक सिंह, नगर निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे. शिविर में लगभग 3 हजार से अधिक मरीजों ने अपना पंजीयन कराया. मंत्री चिटनिस ने सभी मरीजों को आश्वस्त किया कि सभी का नि:शुल्क उपचार कराया जायेगा तथा जिस स्तर पर इलाज की आवश्यकता होगी उस स्तर का ही ईलाज कराया जाएगा.
 महिला एवं बाल विकास मंत्री  चिटनिस ने कहा कि जो मरीज इंदौर या भोपाल भेजने पडेगे उन्हें सरकारी खर्चे पर वहां भेजकर उपचार कराया जायेगा. उन्होने सिविल सर्जन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि सभी मरीजों की फाईले अलग-अलग तैयार की जायें तथा उनके विस्तृत चेकअप विशेषज्ञों डॉक्टर्स से कराये जाये. जिनके आॅपरेशन की जरूरत हो उनके आॅपरेशन कराये जायें.  चिटनिस ने इस दौरान कहा कि प्रत्येक सोमवार को इंदौर के मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ चिकित्सक बुरहानपुर जिला चिकित्सालय में अपनी सेवाऐं देंगे. इस संबंध में चिकित्सा विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिये गये हैं. उन्होंने बताया कि पुनरीक्षित दीनदयाल स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत विशेषज्ञ प्रायवेट डॉक्टर भी सरकारी अस्पतालों में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे. पहले बुरहानपुर का चिकित्सालय इस योजना में शामिल नही था. लेकिन विशेष प्रयास कर अब बुरहानपुर चिकित्सालय को इस योजना में शामिल कर लिया गया हैं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें