रविवार, 11 मार्च 2018

60, 50 में उलझ रही कांग्रेस, शुरु हुआ विरोध

अजयसिंह 

 सफाई देने के बाद भी घिरते नजर आ रहे बावरिया

मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया जहां कांग्रेस की एकजुटता के लिए काम कर रहे हैं, वहीं पर कांग्रेस नेता मुखरित होकर उनके द्वारा दिए बयानों को लेकर उन्हें घेरते नजर आ रहे हैं. पहले 60 की उम्र वालों को चुनाव न लड़ने और अब चुनाव लड़ने के लिए पार्टी कोष में 50 हजार रुपए जमा कराने के फार्मूले को लेकर वे घिरते नजर आ रहे हैं. 
प्रदेश कांग्रेस उपचुनाव में मिली जीत को लेकर उत्साहित है, मगर एकजुटता अभी नजर नहीं आ  रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों में अब भी बिखराव दिखाई दे रहा है. पहले चुनाव में चेहरे को लेकर नेताओं की अलग-अलग राय दिखाई दी और सिंधिया समर्थकों के द्वारा उठाई जा रही मांग को दरकिनार करने का प्रयास किया गया. अब हाल ही में पार्टी द्वारा उम्मीदवारी के लिए दावेदारी करने के दौरान कांग्रेस कमेटी के नाम 50 हजार रुपए का बैंक ड्राफ्ट देने का तय करने का विरोध शुरु हो गया है. इसके विरोध की शुरुआत खुद बावरिया की उपस्थिति में बीते दिनों सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से चर्चा के दौरान की थी. सिंधिया ने कहा था कि जिताऊ प्रत्याशी का पैमाना होना चाहिए. इसके अलावा अब नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी इसका खुलकर विरोध किया है. अजयसिंह ने कहा कि चुनाव में उम्मीदवार बनाने के लिए प्रत्याशी से 50 हजार का ड्राफ्ट लेना उचित नहीं है. उनका मानना है कि इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष फैलेगा. सिंह ने कहा कि पार्टी को जीतने वाले को उम्मीदवार बनाना चाहिए.टिकट देने के लिए पैसा आधार नहीं होना चाहिए. उन्होंने इस नियम को खत्म करने की मांग की है.  वहीं 50 हजार के इस ड्राफ्ट के पूर्व जबलपुर में कुछ दिनों पूर्व बावरिया द्वारा 60 साल से अधिक की उम्र वालों को टिकट न देने की बात को लेकर भी विरोध हुआ था. हालांकि बाद में बावरिया ने दोनों ही मुद्दों पर अपनी सफाई भी दी. 60 साल के मुद्दे पर उन्होंने कहा था कि उनका आशय है कि वृद्धों को संगठन में काम करते हुए युवाओं को मौका दिया जाना चाहिए. वहीं 50 हजार के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि यह उनका आदेश नहीं है.
यह है पूरा मामला
प्रदेश कांग्रेस ने अपनी वेबसाइट पर इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आनलाइन आवेदन मांगे हैं. इस आवेदन में पार्टी द्वारा साफ कहा गया है कि आवेदक को आवेदन के साथ अध्यक्ष मध्यप्रदेश कांग्रेस के नाम 50 हजार रुपए का ड्राफ्ट देना होगा. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के आवेदक को 25 हजार रुपए देना होगा. इसके अलावा नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र के लिए आवेदक को द एसोसिएट जरनल्स लिमिटेड नई दिल्ली के नाम 2 हजार रुपए का बैंक ड्राफ्ट भी देना होगा. साथ ही यह घोषणा करनी होगी कि वह यह राशि स्वैच्छिक रुप से सहयोग राशि के रुप में पार्टी कोष में दे रहा है. यह राशि वापिस नहीं लेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें