गौर सरकार, सरताज संगठन से नाराज
 |
| बाबूलाल गौर |
भारतीय जनता पार्टी के दो वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री इन दिनों सरकार और संगठन से नाराज चल रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक बाबूलाल गौर सदन में सरकार को घेरते रहे हैं, वहीं आज उन्होंने सरकार खासकर गृह विभाग की कार्यवाही पर नाराजगी जताई है. राजधानी के गोविंदपुरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने धरने पर बैठ जाने की धमकी तक दे डाली. वहीं सरताज सिंह ने एक बार फिर संगठन को घेरा है और उम्मीदवार चयन में पैसों के लेन-देन की बात कही है. विधायक बाबूलाल गौर ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुरा पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ समय से गोविंदपुरा थाने की अक्षमता की वजह से लोगों को न्याय से वंचित होना पड़ रहा है. गौर ने एम्स की महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने वाले युवक पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर भी गोविंदपुरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर अपना विरोध दर्ज किया. उन्होंने कहा कि एक इंस्पेक्टर की जगह सब-इंस्पेक्टर को गोविंदपुरा थाना प्रभारी बनाने के बाद से पुलिस अक्षमता के चलते लॉ एंड आर्डर बिगड़ गया है. गौर ने चेतावनी दी है कि अगर उनके विधानसभा क्षेत्र के सभी थानों की कार्यशैली नहीं सुधरी तो मजबूरन उनको धरने पर बैठना पड़ेगा.
 |
| सरताज सिंह |
टिकट विक्रय के आरोप को स्वीकारा सरताज ने
पूर्व मंत्री और सिवनी मालवा विधायक सरताज सिंह ने एक बार फिर भाजपा संगठन को घेरे में लिया है. इस बार सरताज ने संगठन में चुनाव टिकटों के विक्रय के आरोप को स्वीकृति दी. हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप नहीं लगाया है. मामला उनके विधानसभा क्षेत्र सिवनी मालवा में नपाध्यक्ष उम्मीदवार को लेकर है. सरताज सिंह ने उम्मीदवार शीला जलखरे के लिए संगठन से टिकट मांगी थी, लेकिन टिकट नहीं मिला. शीला के भतीजे ने 9 मार्च 2018 को फेसबुक पर पोस्ट डालकर भाजपा के संगठनमंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों पर टिकट बेचने का आरोप लगाया. पोस्ट में यह भी जिक्र किया है कि विधायक सरताज सिंह भाजपा से बागी होकर निर्दलीय नपाध्यक्ष का चुनाव लड़ी शीला जलखरे के घर पहुंचें. शीला के भतीजे ने फेसबुक पर सरताज की चर्चा को माध्यम बनाते हुए नपा की टिकिट बिकने और पदाधिकारी पर आरोप लगाया. जब पोस्ट को लेकर राजनीति गर्मा गई तो संजय ने पोस्ट डिलीट कर दी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें