कांग्रेस पार्षद फेहमीदा अकबर के बेटे मोहम्मद अजहर को गोविंदपुरा पुलिस ऑल इंडिया इन्स्टिटयूट ऑफ मेडिकल साइंसिज (एम्स) भोपाल की एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ करने, शादी के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तलाश रही है. अपने सियासी रसूख के चलते आरोपी अजहर पुलिस की गिरफ्त से दूर है.गोविंदपुरा पुलिस ने बताया कि एम्स में काम करने वाली एक डॉक्टर युवती की शिकायत पर मोहम्मद अजहर, उम्र 31 साल, निवासी बाग दिलकुशा रायसेन रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. फरियादी डॉक्टर ने गोविंदपुरा पुलिस को अपनी शिकायत में बताया है कि पिछले बुधवार को एम्स अस्पताल जाते समय सुबह आठ बजे के करीब आरोपी मोहम्मद अजहर ने हबीबगंज नाके के पास अपनी मोटरसाईकिल, डॉक्टर की स्कूटी के सामने लाकर रोक दी. आरोपी अजहर ने युवती का हाथ पकड़कर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की. डॉक्टर युवती ने आरोप लगाया है कि अजहर उससे जबरदस्ती शादी करने के लिए कह रहा था. अजहर ने उसे धमकाया कि अगर युवती ने उसके साथ शादी नहीं की तो वह उसके चेहरे पर एसिड डाल देगा. अजहर ने डॉक्टर युवती और उसके माता पिता को जान से मारने की भी धमकी दी.आरोपी मोहम्मद अजहर की मां फेहमीदा अकबर कांग्रेस से पार्षद हैं. कथित फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में फेहमीदा अकबर की पार्षदी को कलेक्टर ने शून्य घोषित कर दिया है. कलेक्टर के इस आदेश के खिलाफ फेहमीदा अकबर ने कोर्ट से स्टे लिया हुआ है. फेहमीदा अकबर के पति मोहम्मद अकबर खान पूर्व कांग्रेस पार्षद हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें