शुक्रवार, 9 मार्च 2018

रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी की पत्नी सहित हत्या

राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र की नर्मदा वैली कालोनी में एक दंपत्ती की गला रेत कर हत्या कर दी गई. आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया है. पुलिस की टीम डॉग स्कॉड, एफएसएल की टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी है, मगर आरोपी कौन है इसका पता नहीं चल सका है. पुलिस के अनुसार अवधपुरी थाना क्षेत्र के नर्मदा वैली कालोनी में शुक्रवार सुबह एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी जी.एल. नायक और उनकी पत्नी का घर में शव मिला. बताया जा रहा है कि  नायक अपनी पत्नी के साथ 4 साल से नर्मदा वैली कालोनी में रह रहे थे. उनकी तीन बेटियां है. तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है. एक बेटी ग्वालियर में और दो बेटियां उनके घर के पास ही अवधपुरी में रहती है. शुक्रवार सुबह  जब नौकरानी काम करने के लिए घर पर पहुंची तो मेन गेट अंदर से बंद था. काफी देर तक आवाज लगाने और घंटी बजाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो नौकरानी ने पड़ोस में रहने वाले परिवार को जानकारी दी. आसपास रहने वाले लोगों ने छत से जाकर देखा तो पति-पत्नी की लाश फर्श पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी. पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस का कहना है कि नायर और उनकी पत्नी के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले है. संभवत: हत्या के बाद आरोपी छत से कूदकर भाग गया होगा.  पुलिस इस मामले में मृतकों के परिजनों और नौकरानी से पूछताछ कर रही है.
पुलिस के अनुसार पड़ोसी ने बताया कि रात 12 बजे चीख की आवाज भी सुनी थी. उन्होंने नायर के फोन पर फोन भी लगाया था, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद वह भी सो गए थे. पुलिस के अनुसार  नायर दंपत्ति की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश होने की बात सामने नहीं आई है. ऐसे में पुलिस लूट के इरादे से घुसे बदमाशों के इस हत्याकांड को अंजाम देने के पहलू पर जांच कर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें