अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अनूठी मिसाल पेश करते हुए मार्ग में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी का सम्मान किया और मनोबल बढ़ाया. सिंह ने राज्य विधानसभा में महिला पुलिस कर्मचारियों को पुष्प-गुच्छ देकर उन्हें शुभकामनाएँ दी. राज्य विधानसभा के मार्ग पर जाते हुए गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बैरियर पर तैनात महिला कर्मचारी को देखकर अकस्मात गाड़ी रुकवाई और प्लाटून कमांडर मालती उइके को पुष्प-गुच्छ भेंट किया. गृह मंत्री सिंह ने विधानसभा में ड्यूटी कर रही महिला पुलिस आरक्षक मीरा सिंह एवं अन्य महिला सुरक्षाकर्मियों का सम्मान किया. महिला दिवस के अवसर पर गृह एवं परिवहन मंत्री सिंह ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को सदैव सर्वोपरि रखा गया है. पुलिस बल में महिलाओं की संख्या को बढ़ाकर सुरक्षा घेरे को मजबूत किया गया है.सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं के हित और उनके सम्मान एवं सुरक्षा के लिए निरंतर फैसले लिए हैं. फिर चाहे बेटी बचाओ अभियान हो अथवा बेटियों को आरक्षण देने या महिला सुरक्षा का विषय हो, हमारी सरकार ने देश में सबसे अग्रणी होकर निर्णय लिए हैं. महिला सुरक्षा चक्र को अधिक मजबूत करने के लिए ही विगत दिनों राज्य विधानसभा में बारह वर्ष तक की बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वालों को फाँसी की सजा देने संबंधी विधेयक पारित किया गया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें