बुधवार, 7 मार्च 2018

आंकड़ों के हवाले से कटघरे में खड़ी की सरकार

कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के अलावा अन्य मुद्दों पर आज शिवराजसिंह सरकार को आंकड़ों का हवाला देते हुए कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं को मामा कहने वाले चौहान अपने कार्यकाल में महिलाओं ओर बच्चों पर हो रहे अपराधों को नहीं रोक पाए हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं.
 सुरजेवाला ने ये आरोप आज राजधानी में पत्रकारों से चर्चा करते हुए लगाए. इस अवसर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव भी उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि  राज्य में महिलाओं और बालिकाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं वर्ष 2004 में 2875 हुयी थीं और अब औसतन पांच हजार घटनाएं इस तरह की हो रही हैं. उन्होंने कहा कि 2004 से 2016 के बीच इस तरह की 46 हजार तीन सौ से अधिक घटनाएं हुर्इं. उन्होंने कहा कि इन आकड़ों के आधार पर दुर्भाग्य से मध्यप्रदेश देश में सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा कि यही नहीं महिलाओं और बालिकाओं के अपहरण की घटनाएं भी बढ़ी हैं. वर्ष 2004 में इस तरह की घटनाएं 584 थीं जो अब बढ़कर चार हजार नौ सौ चार हो गयी हैं. इस तरह इन घटनाओं में डेढ़ दशक में एक हजार प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई हैं. राज्य में प्रति वर्ष औसतन आठ हजार पांच सौ तीन बच्चे लापता हो रहे हैं, जिनमें छह हजार से अधिक लड़कियां और दो हजार चार सौ से अधिक लड़के शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इन गुम होने वाले बच्चों के परिजनों को अभी तक यह नहीं पता कि उनके बच्चे कहां पर हैं.
सुरजेवाला ने कहा कि इसी तरह देश में 47 लाख से अधिक बच्चे कुपोषण के शिकार हैं. राज्य में 29 प्रतिशत स्कूल ऐसे हैं, जहां बिजली नहीं है. छयासी प्रतिशत स्कूलों में कंप्यूटर नहीं हैं. अब ऐसे राज्य में मामा विकास होने का दावा कैसे कर सकते हैं. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब राज्य में बहन बेटियों की इज्जत ही सुरक्षित नहीं है तो मामा को चैन की नींद कैसे आ सकती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें