मध्यप्रदेश में जिन कैदियों को मृत्युदंड की सजा दी गई, उन्हें जल्लाद न होने के कारण फांसी नहीं दी गई. जल्लाद की व्यवस्था अन्य राज्यों से की जाती है. यह जानकारी जेल मंत्री अंतरसिंह आर्य ने विधानसभा में आज विधायक डा. गोविंद सिंह के प्रश्न के लिखित जवाब में दी. उन्होंने बताया कि प्रदेश में इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और भोपाल केन्द्रीय जेल में मृत्युदंड पाए बंदी हैं. उन्होंने बताया कि केन्द्रीय जेल इंदौर में 11, केन्द्रीय जेल जबलपुर में 9, केन्द्रीय जेल ग्वालियर में 3, केन्द्रीय जेल भोपाल में 3 और केन्द्रीय जेल उज्जैन में मृत्युदंड पाया 1 बंदी है. मंत्री ने बताया कि प्रदेश की इंदौर और जबलपुर केन्द्रीय जेल में फांसी देने की व्यवस्था है. प्रदेश में वर्तमान में कोई जल्लाद नहीं है, इसलिए अन्य राज्यों से वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है.पटाखा विस्फोट फैक्ट्री के मृतकों, घायलों को सहायता
गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने विधायक जितेन्द्र गहलोत के प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि बालाघाट स्थित खैरी पटाखा विस्फोट में हुए घटना में घायलों एवं मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान , आरबीसी 6-4, प्रधानमंत्री सहायता कोष, रेडक्रास द्वारा कुल 2 करोड़ 16 लाख 95 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है. उन्होंने बताया कि प्रदेश के बड़नगर, बालाघाट की घटना में जांच आयोग का गठन नहीं किया गया है. केवल झाबुआ जिले के पेटलावद में घटित घटना में जांच आयोग का गठन किया गया, जिसके प्रतिवेदन पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है.मंत्री ने बताया कि पेटलावद विस्फोट हादसे में 73 मृतकों को 3 करोड़ 60 लाख रुपए की मुआवजा राशि का वितरण किया गया.
वीरान ग्राम नहीं
विधायक सोहनलाल वाल्मिकी के प्रश्न के लिखित जवाब में राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले के परासिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 201 राजस्व ग्राम है. परासिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीरान ग्राम नहीं है. परासिया विधानसभा क्षेत्र में 7 ग्राम नगरीय सीमा में हैं और रैयतवाड़ी ग्रामों की संख्या 18 है. परासिया विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मजरे टोले भी नहीं है, जिन्हें राजस्व ग्राम बनाया जा सके.
प्रदेश में नहीं किया जा रहा शकर का वितरण
विधायक हिना लिखिराम कांवरे के प्रश्न के लिखित उत्तर में खाद्य मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश की सहकारी सोसाइटियों द्वारा शकर का वितरण नहीं किया जा रहा है. बालाघाट जिले में केरासिन का वितरण निर्धारित मापदंड के अनुसार किया जा रहा है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें