भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह नेभाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज सुबह हुई. बैठक में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए रणनीति तय की गई. बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जो प्रदेश को नहीं समझते वे हमारा क्या मुकाबला करेंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल आगमन के पूर्व भेल के दशहरा मैदान पर आज भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई. बैठक में नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिह, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और पदाधिकारी उपस्थित थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कांग्रेसी सुने लें, अबकी बार 200 पार का हमारा लक्ष्य है.
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत करेन हुए कहा कि मैं विश्वास से कहता हूं कि अब कांग्रेस कर्नाटक में भी हारने वाली है. उन्होंने कहा कि शाह के नेतृत्व में हमने असम और त्रिपुरा में जीत हासिल की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश ही नहीं दुनिया का लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि मोदी भगवान का वरदान हैं. गरीबों, विकास के लिए जितनी तड़प नरेंद्र मोदी में है, शायद किसी नेता में हो. भाजपा का मुकाबला कांग्रेस के बस की बात नहीं. 2003 में जब हम आए तक, गरीब मध्यप्रदेश, अंधकारमय मध्यप्रदेश, गड्डे वाला मध्यप्रदेश पिछड़ा मध्यप्रदेश था, जो अब इस सबसे बाहर निकल चुका है. आज प्रदेश एक खुलहाल प्रदेश है. आज प्रदेश में अन्न के भंडार भर गए हैं.
कांग्रेस के कागज के शेर भाजपा के शेर का मुकाबला नहीं कर सकते
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने कहा कि पार्टी 2018 और 2019 में रिकार्ड जीत हासिल करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए वो भूख को नहीं जानते. जो प्रदेश को समझते नहीं, वो क्या हमारा मुकाबला करेंगे. कांग्रेस के कागज के शेर भाजपा के शेर का मुकाबला नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि अमित शाह वो नेता हैं, जो अनहोनी को होनी में बदल देते हैं. मुख्यमंत्री ने कुर्सी छोड़ने के अपने गुरुवार को दिए बयान पर सफाई भी दी. उन्होंंने कहा कि आनंद विभाग का आयोजन था. इसमें मजाक में मैंने एक बात कही तो कुछ लोगों के मन में लड्डू फूट रहे हैं. बैठक को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.
फैमिली पार्टी है कांग्रेस
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि कांग्रेस फैमिली पार्टी और भाजपा और फैमिलियर पार्टी. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी वोट हासिल करना पार्टी का लक्ष्य है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने पर रामलाल ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सबसे अहम है. पहले नंदकुमार प्रदेश अध्यक्ष थे और अब राकेश सिंह हैं. संगठन ने इन्हें बदलने का फैसला किया, लेकिन इससे किसी को चिंतित नहीं होना चाहिए. कोई छोटा या बड़ा कार्यकर्ता नहीं है. उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़कर रहें. उन्होंने कहा कि इसे इस नजर से भी देख सकते हैं कि आलाकमान की ओर से ये ताकीद की जा रही है कि नाम कोई भी हो पार्टी से ऊपर नही हैं. कार्यकर्ताओं को राकेश सिंह के साथ काम करने की ताकीद है.
शिवराज ही मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमें भाजपा के कार्यकर्ता होने पर गर्व है. राकेश सिंह हमारी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हैं. उन्होंने संगठन में अनेक भूमिकाओं को सफलतापूर्वक निर्वहन किया है. आगामी चुनाव को लेकर हर स्तर पर समीक्षा की जा रही है. हम सभी कार्यकर्ताओं को एक होकर एक बार फिर भाजपा को 2018 और 2019 चुनाव में फतह हासिल करना है. हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही हैं और आगे भी वही रहेंगे. मुख्यमंत्री शिवराज ने जो कार्य मध्यप्रदेश के लिए वह किसी और सरकार ने नहीं किया. हम कार्यकर्ता की ताकत ने ही 2008 में जीत हासिल की, 2013 फतह किया और अब 2018 भी जीतेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को सजग रहने की सलाह दी और कहा कि कांग्रेस चुनाव के दौरान झूठ का सहारा लेगी, मगर हमें उसके झूठ का पर्दाफाश करना होगा.
जीत का सिर्फ एक ही विकल्प होता है जीत
मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राकेश सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि जीत का सिर्फ एक ही विकल्प होता है जीत. उन्होंने कहा कि हमारे पास काम ज्यादा है और समय कम है. अगर सभी कार्यकर्ता परिवार की तरह जुट जाएं तो हम प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने में सक्षम हैं.उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को 2003 के पहले की भयावह तस्वीर को घर-घर जाकर बताना होगा. उन्होंने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.सिंह ने कहा कि शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश विकसित राज्य बना है.
जीत के अंतर को बढ़ाने के लिए जाएं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि संगठन में काम करते हुए जन-जन तक हमें जाना होगा. हमें बूथ लेवल पर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि वे खुद हर जिले में पहुंचेंगे और बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के बीच बैठेंगे. उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में विजय के लिए नहीं जाएं, जीत के अंतर को बढ़ाने के लिए जाएं. विजय का अंतर इतना बड़ा हो कि विरोधियों की नींद उड़ जाए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें