गुरुवार, 3 मई 2018

शाह आज आएंगे, भाजपा के रंग में रंगा भोपाल

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर कल 4 मई शुक्रवार को भोपाल आ रहे हैं. वे यहां पार्टी की प्रदेश स्तरीय  बैठक को संबोधित करेंगे. अमित शाह के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं और राजधानी की हर सड़क और चौराहों को भाजपा के रंग में रंगा जा रहा है.  शाह के पूर्व के तय कार्यक्रम में आज बदलाव किया गया है. अब शाह मात्र दो घंटे ही भोपाल में रुकेंगे.
भाजपा प्रदेश कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार  अमित शाह कर्नाटक चुनाव की व्यस्तता को देखते हुए बेंगलुरू से सीधे भोपाल आएंगे और दो घंटे भोपाल में रहेंगे. इसके बाद यहां से बेंगलुरू रवाना होंगे. पहले शाह ज्यादा समय भोपाल में रुकने वाले थे. शाह अपने तय कार्यक्रम के तहत भेल दशहरा मैदान पर आयोजित पार्टी की प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक को संबोधित करेंगे.  स्टेट हैंगर पर पहुंचकर कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों की पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह लगातार समीक्षा कर रहे हैं.  वहीं प्रदेश भाजपा संगठन ने एयरपोर्ट से भेल दशहरा मैदान तक अमित शाह के कार्यक्रम को रैली की शक्ल में आयोजित करने की तैयारी की है, इसके लिए तकरीबन 100 से ज्यादा स्वागत स्थल बनाए गए हैं. 
उल्लेखनीय है कि शाह  पहले   सुबह 10 बजे भेल दशहरा मैदान आकर दोपहर 3 बजे तक रुकने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वे दोपहर 12 बजे ही रवाना हो जाएंगे. दशहरा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में शाह भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों, महामंत्रियों सहित 8 सौ अधिक मंडल पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे.

मंत्री, विधायकों को मिली राहत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरा कार्यक्रम छोटा होने से प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायकों ने राहत की सांस ली है. पहले शाह संगठन पदाधिकारियों समेत मंत्री, विधायक और कोर गु्रप के सदस्यों से अलग-अलग चर्चा करने वाले थे. मगर अब वे मात्र 2 घंटे के लिए भोपाल आ रहे हैं तो वे इनसे अलग से चर्चा नहीं करेंगे. पूर्व में शाह मंत्रियों से जनहित की योजनाओं के क्रियांवयन का खाका तैयार करने को कहा गया था. अब यह बैठक नहीं होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें