मध्यप्रदेश में पहले चरण का मतदान कल सोमवार को 6 संसदीय क्षेत्रों में होगा. इसके अलावा एक विधानसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा में उपचुनाव के चलते मतदान होगा. मतदान की सभी तैयारियां चुनाव आयोग ने की है. आयोग ने इन सीटों पर 10 प्रतिशत मतदान बढ़ाने का लक्ष्य रखा है.
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, शहडोल और सीधी संसदीय क्षेत्रों में कल सोमवार को पहले चरण का मतदान होगा. छह संसदीय क्षेत्रों में कुल 10555689 मतदाता अपने मतादिधकार का उपयोग करेंगे. इन संसदीय क्षेत्रों में कुल 13491 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं. जबकि छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 300 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं. यहां पर 263185 मतदाता अपने मतों का उपयोग करेंगे. राज्य के इन छहों लोकसभा क्षेत्रों में कुल 108 प्रत्याशी मैदान में हैं. इसके साथ ही छिंदवाड़ा विधानसभा के लिए हो रहे उप चुनाव में कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं.
उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ खुद कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, जबकि भाजपा की ओर से यहां पर बंटी साहू प्रत्याशी है. कल होने वाले लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ छिंदवाड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिह के बेटे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सीधी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह जबलपुर, कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा जबलपुर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला और बालाघाट में सांसद और भाजपा के बागी बोधसिंह भगत का भविष्य दांव पर है.
10 प्रतिशत मतदान बढ़ाने का लक्ष्य
राज्य निर्वाचन पदाधिकारी व्ही.एल. कांताराव ने बताया कि हर मतदान केन्द्र पर पानी के अलावा छाया की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाता को किसी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़ा. उन्होंने बताया कि इस बार जिन छह संसदीय क्षेत्रों में कल मतदान होना है, वहां पर आयोग ने 10 प्रतिशत मतदान बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने बताया कि 2008 में इन छह संसदीय क्षेत्रों में 54 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2014 में 64 प्रतिशत मतदान हुआ है. हमारा लक्ष्य है कि कल इन संसदीय क्षेत्रों में 74 प्रतिशत तक मतदान हो.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मध्यप्रदेश के प्रथम चरण में हो रहे लोकसभा के मतदान एवं विधानसभा उप चुनाव के मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. इस चरण में नक्सल प्रभावित बालाघाट संसदीय क्षेत्र में मतदान होगा. यहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित 3 विधानसभा क्षेत्र बैहर, लांजी एवं परसवाड़ा के मतदान केन्द्रों पर प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक मतदान कराया जायेगा. राज्य के शेष लोकसभा क्षेत्रों और छिंदवाड़ा विधानसभा उप चुनाव के लिए छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें