रविवार, 14 अप्रैल 2019

मुख्यमंत्री की पत्नी, पुत्रवधु के खिलाफ कार्रवाई की मांग

 भाजपा ने की चुनाव आयोग को शिकायत
भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की पत्नी एवं पुत्रवधु द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. 
भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचा और कई मामलों के संबंध में शिकायतें सौंपी. पार्टी के इस प्रतिनिधिमंडल में निर्वाचन समिति सदस्य एस. एस. उप्पल, रवि कोचर, ओमशंकर श्रीवास्तव शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग को की गई शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ की पत्नी  अलका नाथ और उनकी पुत्रवधु  प्रिया नाथ 3 अप्रैल को नगरपालिका निगम छिंदवाड़ा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं. यहां उन्होंने छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी मुख्यमंत्री कमलनाथ और लोकसभा प्रत्याशी उनके पुत्र नकुलनाथ को भारी मतों से जिताने की अपील की. यह आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने अलका नाथ,  प्रिया नाथ के विरूद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज करने की मांग की.
पत्नी का प्रचार कर रहे सरकारी अधिकारी
प्रतिनिधिमंडल ने एक अन्य शिकायत में कहा है कि शहडोल लोकसभा क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी  प्रमिला सिंह के पति अमरपाल सिंह वर्तमान में उप-सचिव के पद पर पदस्थ हैं. वह लगातार अपने कार्य से अनुपस्थित रहकर अपनी पत्नी  प्रमिला सिंह के प्रचार हेतु शहडोल, उमरिया, अनूपपुर में प्रचार कार्य में व्यस्त हैं. एक सरकारी अधिकारी का कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी हैं लेकिन आयोग द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की गयी. इसलिए आयोग को पुन: शिकायत की गई है.
आचार संहिता में बांटे जा रहे ऋण मुक्ति पत्र
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहडोल लोकसभा क्षेत्र में ज्वाइंट रजिस्ट्रार सहकारिता, रीवा संभाग एवं शहडोल संभाग के डिप्टी रजिस्टार एवं सहकारी बैंक सागर के महाप्रबंधक के द्वारा प्रमुख सचिव  अजित केसरी के निर्देश पर रीवा संभाग, शहडोल संभाग और सागर संभाग में ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरित किये जा रहे हैं. यह आदर्श आचार संहित का उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने सिद्धार्थ सिंह रीवा,  अभय सिंह शहडोल व अन्य संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की है.
छिंदवाड़ा कलेक्टर को निर्वाचन कार्य से हटाएं
शिकायत में कहा गया है कि कलेक्टर छिंदवाड़ा निवास शर्मा  कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को किसी संवैधानिक पद पर ना रहते हुए शासकीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर रहे हैं. लोकसभा के प्रत्याशी के रूप में जनता से उनका परिचय करा रहे हैं.  नकुलनाथ को फालोगार्ड प्रदान किए जा रहे हैं और उनका हेलिकाप्टर उतारने के लिए हेलीपेड बनवाये हैं. शिकायत में कहा गया है कि श्रीनिवास शर्मा के कलेक्टर के पद पर रहते लोकसभा और विधानसभा उप-चुनाव निष्पक्ष होना संदेहास्पद है. पार्टी ने कहा है कि  कमलनाथ और उनके परिवार से घनिष्ठता को देखते हुए कलेक्टर को तत्काल निर्वाचन कार्य से पृथक किया जाना चाहिए.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें