गुरुवार, 18 अप्रैल 2019

कांग्रेस के विज्ञापन पर लगाई रोक

मध्यप्रदेश कांग्रेस के ‘चौकीदार चोर है’ शीर्षक से प्रस्तुत किए गए विज्ञापन पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी.एल.कांताराव ने रोक लगा दी है. कांताराव की अध्यक्षता वाली समिति ने इसे लेकर दी जाने वाली अनुमतियों को निरस्त कर दिया है. भाजपा द्वारा इस विज्ञापन के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग आयोग से की थी. 
भारतीय जनता पार्टी के शांतिलाल लोढ़ा और अन्य भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के इस विज्ञापन पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग को शिकायत की थी. शिकायत में विज्ञापन में अपमानजनक और व्यक्ति को बदनाम करने वाली भाषा का उपयोग करने की बात कही गई थी. उन्होंने यह भी कहा था कि चौकीदार के नाम पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रसिद्ध है, जिन्हें विज्ञापन में चोर बताया गया है, जो अपमानजनक है. भाजपा की ओर से कहा गया था कि किसी भी विज्ञापन में व्यक्ति विशेष के नाम से आरोप नहीं लगाए जा सकते हैं, यह संविधान का उल्लंघन है.  
भाजपा की आपत्ति पर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने यह तर्क दिया था कि ‘चौकीदार चोर है’ से आशय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं है. हालांकि वे यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि उनका आशय किससे है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और राज्य स्तरीय मीडिया प्रमाणन तथा अनुवीक्षण समिति के अध्यक्ष वीएल कांताराव ने संबंधित आडियो और वीडियो विज्ञापन को किसी भी माध्यम से प्रचार-प्रसार करने पर रोक लगा दी है. उन्होंने इन्हें जमा करवाने का आदेश देने के साथ यह भी कहा कि राज्य स्तरीय विज्ञापन प्रमाणन समिति ने जो विज्ञापन आदेश जारी किए थे, उनको निरस्त करते हुए अपील स्वीकार की जाती है. इस आदेश से असंतुष्ट होने पर अपील उच्चतम न्यायालय में की जा सकती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें