मध्यप्रदेश के महेश्वर में शिवलिंग की सुरक्षा में लगाए गए तखत को लेकर भाजपा हमलवार हो गई है. भाजपा ने अभिनेता सलमान खान के अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर हमला बोला है. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तो मुख्यमंत्री से पूछा है कि क्या वे इस मामले में सलमान पर एफआईआर दर्ज कराएंगे?मध्यप्रदेश के महेश्वर में चल रही सलमान खान की फिल्म दबंग 3 की शूटिंग लगातार विवादों में घिरती नजर आ रही है. शिवलिंग की सुरक्षा में लगाए गए तखत को हटाए जाने के बाद भी भाजपा सलमान खान पर हमलावर हो गई है. भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. हितेश वाजपेयी ने ट्वीट कर कहा, 'खान साहब, 'वन्दे-मातरम' कहने पर जब आपका धर्म खतरे में आ जाता है तब आपने कैसे सोचा कि आप 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ओंकारेश्वर-महेश्वर पहुंच कर 'शिव-लिंग' पर चारपाई बिछाकर उनके सर पर नाच करेंगे. उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए लिखा, क्या कमलनाथ और दिग्विजय सिंह बताएंगे कि इस अपवित्र 'हिंदुत्व' विरोधी कार्य को आपका समर्थन है ? यदि नहीं तो हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करने का यह प्रयास नहीं है? क्या मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी इस आपराधिक कृत्य का संज्ञान लेंगे जिससे एक वर्ग को भड़काने का प्रयास हो रहा है?
गौरतलब है कि बुधवार की सुबह से महेश्वर में चल रही 'दबंग-तीन' की शूटिंग के दौरान सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें व वीडियो वायरल हुए, जिसमें शिवलिंग पर तखत लगाकर लोगों को नाचते हुए और शिवलिंग के पास गलत तरीके से बैठे हुए दिखाया गया था. इस तस्वीर के आधार पर लोगों ने शूटिंग का विरोध भी किया. मामले के तूल पकड़ने पर शिवलिंग पर लगे तखत को हटा दिया गया.
क्या कमलनाथ एफआईआर दर्ज कराएंगे
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस मामले को लेकर तंज कसते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ , सलमान खान पर एफआईआर दर्ज कराएंगे? इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को भी निलंबित करने की मांग की हैं. उन्होंने कहा कि हिंदू का पाखंड करने वाले दिग्विजय सिंह बताएं कि सलमान खान के खिलाफ कांग्रेस की सरकार क्या कार्रवाई करेगी?
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें