बुधवार, 17 अप्रैल 2019

लोकसभा सीट के हिसाब से नेताओं जिम्मेदारी

शिवराज सिंह चौहान
 शिवराज तय करेंगे किसकी कहां होगी सभा, रामलाल करेंगे मानिटरिंग
मध्यप्रदेश में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए बड़े नेताओं को लोकसभा सीट के हिसाब से जीत की जिम्मेदारी तय की है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य नेता जो चुनाव मैदान में नहीं  है, उन्हें जीत के लिए अलग-अलग सीटों का लक्ष्य दिया गया है. वहीं शिवराज पर भरोसा जताते हुए संगठन ने साफ कर दिया कि वे ही तय करेंगे कि किसी लोकसभा सीट में किस नेता की सभा कराई जाए.
राज्य में लोकसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर अब तेज हो चला है. भाजपा में मंगलवार से लेकर बुधवार तक प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठकों का दौर चलता रहा. इन बैठकों में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. विनय सहस्त्रबुद्धे, लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्रदेव सिंह के अलावा प्रदेश के नेता रहे. एक ओर प्रत्याशी चयन पर मंथन हुआ तो वहीं बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को सीटों की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला भी किया गया. इसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा सहित अन्य नेताओं के नामों पर चर्चा हुई और उन्हें उनके प्रभाव वाली सीटों की जिम्मेदारी देकर सीट जाने का लक्ष्य दिया गया. 
 बैठक में तय किया गया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ही लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी जाए, उनके नाम पर विरोध को लेकर भी चर्चा हुई, मगर नेताओं ने साफ कर दिया कि शिवराज सिंह चौहान ही के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चुनाव कराए जाएंगे. वे 19 अप्रैल से रैलियों और सभाओं का दौर शुरु करेंगे. इसके अलावा शिवराज सिंह ही यह तय करेंगे कि किस सीट पर किस नेता की रैली या सभा कराई जाए. इसके पीछे यह माना जा रहा है कि शिवराज ही वह चेहरा है जो कार्यकर्ता को सक्रिय कर सकते हैं. एक तरह से शिवराज सिंह को राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश में फ्री हैंड दे दिया है और साफ कह दिया कि वे जैसे चाहे प्रदेश के नेताओं को सीटों की जिम्मेदारी दे सकते हैं. बैठक में तय किया गया कि राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल  चुनावी रैलियों और सभाओं की मानीटरिंग करेंगे.
शिवराज के नेतृत्व में होगा चुनाव
प्रदेश के भाजपा के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही मध्यप्रदेश की 29 सीटों पर लोकसभा का चुनाव होगा. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही मध्य प्रदेश में चुनाव की कमान संभालेंगे. उन्होंने बताया कि नेताओं की रैली की जगह भी तय करने का जिम्मा शिवराज को होगा. इसके अलावा संगठन महामंत्री रामलाल मॉनिटरिंग करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें