गुरुवार, 4 अप्रैल 2019

छिंदवाड़ा से नकुलनाथ, जबलपुर से विवेक तन्खा

 कांग्रेस ने घोषित किए 12 प्रत्याशी, मंडला से गोंगपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को उतारा मैदान में

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आज 12 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. सूची में छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ का नाम है, जबकि मंडला से कांग्रेस ने चौंकाने वाला नाम दिया है. मंडला में कांग्रेस ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमल मरावी को मैदान में उतारा है, वहीं जबलपुर से राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा को मैदान में उतारा है. इसी तरह देवास से कांग्रेस ने लोकगीत गायक प्रहलाद टिपाणिया को मैदान में उतारा है.
कांग्रेस ने आज मध्यप्रदेश की दूसरी सूची जारी कर दी. सूची में 12 संसदीय क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई है. जारी सूची में  सागर लोकसभा सीट से प्रभु सिंह ठाकुर,  दमोह से प्रताप सिंह लोधी,  सतना से राजाराम त्रिपाठी,  रीवा से सिद्धार्थ तिवारी,  सीधी से अजय सिंह,  जबलपुर  से विवेक तन्खा, मंडला से कमल मरावी,  छिंदवाड़ा  से नकुलनाथ,  देवास  से प्रहलाद टिपाणिया,  उज्जैन  से बाबूलाल मालवीय, खरगोन से डॉ.गोविंद मुजालदे, खंडवा लोकसभा सीट से अरुण यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है. 
गौरतलब है कि कांग्रेस ने मंडला में चौंकाने वाला उम्मीदवार मैदान में उतारा है. यहां पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंंह कुलस्ते के खिलाफ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमल मरावी को मैदान में उतारा है. इसी तरह देवास में लोक गीत गायक प्रहलाद टिपाणिया को मैदान में उतारा है. उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा पहले 9 प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है. अब तक कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जबकि 8 संसदीय क्षेत्रोेंं इंदौर, धार, विदिशा, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, गुना और राजगढ़ के लिए  प्रत्याशियों की घोषणा शेष है.
छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से कमलनाथ 
छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए अपेक्षा अनुसार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है.कांग्रेस विधायक दीपक सक्सेना के द्बारा, मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए सीट खाली किए जाने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है. इस विधानसभा क्षेत्र के लिए  29 अप्रैल को लोकसभा के साथ ही मतदान होना है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें