शुक्रवार, 5 अप्रैल 2019

कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे कलेक्टर

 भाजपा ने की चुनाव आयोग को शिकायत
भारतीय जनता पार्टी ने नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है. आयोग को की गई शिकायत में कहा गया है कि कलेक्टर पार्टी के कार्यकर्ताओं को जानबूझकर प्रताड़ित कर रहे हैं, इसलिए निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए उन्हें तत्काल हटाया जाए. 
भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचा और नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के संबंध में लिखित शिकायत आयोग को सौंपी. शिकायत में कहा गया है कि नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना जब से यहां आए हैं, पार्टी के कार्यकतार्ओं और नेताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं. शिकायत में कहा गया है कि पिछले तीन महीने से कलेक्टर कांग्रेस के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं. उन्होंने चुनाव आचार संहिता लगने के पूर्व किसी भी कार्यक्रम में प्रोटोकाल के तहत सांसद, विधायक को नहीं बुलाया. किसी भी नाम पट्टिका पर सांसद, विधायक का नाम नहीं लिखा गया. उसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दायर करने का प्रयास किया जा रहा है. पूर्व मंत्री  जालमसिंह पटेल के खिलाफ अपहरण का फर्जी मुकदमा दायर किया गया है, जबकि पुलिस जिस व्यक्ति का अपहरण बता रही है, उसने थाने, एसडीएम और कोर्ट में बयान दिया है कि मेरा कोई अपहरण नहीं हुआ है.प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर दीपक सक्सेना के खिलाफ कार्यवाही करके उन्हें चुनाव कार्य से पृथक किए जाने की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि उनके रहते नरसिंहपुर में लोकसभा चुनाव निष्पक्ष नहीं हो सकते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें