सोमवार, 8 अप्रैल 2019

संकल्प पत्र सिर्फ जुमला पत्र: कमलनाथ



मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा के आज जारी 48 पेज के 75 संकल्प वाले संकल्प पत्र को जुमला पत्र बताते हुए कहा कि इसमे एक बार फिर भाजपा के 2014 के घोषणा पत्र के पुराने वादो को शामिल कर झूठे सपने दिखाने व जनता को गुमराह करने का प्रयास है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे राम मंदिर की बात हो,धारा 370 हटाने की बात हो, आर्टिकल 35 अ की बात हो, यह सब बातें भाजपा ने 2014 में भी की थी. लेकिन पूरे 5 वर्ष इन वादों को भाजपा भूल गई. अब 2019 में एक बार फिर इन वादों को दोहरा कर भाजपा जनता को झूठे सपने दिखाने का काम कर रही है. जनता इनकी हकीकत जानती है. उन्होंने कहा कि 2014 में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उनकी उपज पर 50 प्रतिशत अधिक लागत देने का वादा करने वाले आज 2019 में 5 साल बाद भी किसानों की आय दोगुनी करने के लिए 2022 तक का समय मांग रहे हैं. नोटबंदी से आतंकवाद- नक्सलवाद खत्म करने का दावा करने वाले 2019 के घोषणापत्र में भी इन्हीं बातों को दोहरा रहे हैं. सत्ता में आने के पूर्व 2014 में नए भारत के निर्माण की बड़ी-बड़ी बातें करते थे. अब नए भारत के निर्माण के लिए भी 2022 तक का समय मांग रहे हैं.
नाथ ने कहा कि आज जारी भाजपा के संकल्प पत्र में उम्मीद थी कि किसानों को कर्ज के दलदल से निकालने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना या उन्हें कर्ज मुक्त बनाने पर बात करेंगे, लेकिन किसानों को कर्ज से उबारने के लिए कोई ठोस कार्य योजना का अभाव इस घोषणापत्र में दिखा. जबकि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों के लिए अलग से बजट बनाने की बात कही है. किसानों को कर्ज के दलदल से मुक्त करने की बात कही है. एक तरफ हमारे घोषणा पत्र में गरीबों के लिए हमने न्यूनतम आमदनी योजना लागू करने की बात कही है. वहीं भाजपा के आज के जुमला पत्र में गरीबों के लिए कोई बात नहीं की गई है. हमने हमारे घोषणा पत्र में युवाओं के रोजगार की दृष्टि से, उन्हें नौकरी प्रदान करने को नंबर वन प्राथमिकता में रखा है. लेकिन भाजपा के आज के घोषणापत्र में रोजगार को लेकर कोई ठोस बात नहीं है.
शक्तिशाली भाजपा के निर्माण का संकल्प पत्र
भाजपा के  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा पत्र को विश्व गुरु बनने का रोडमैप बताया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि  यह एक समृद्ध, सम्पन्न और शक्तिशाली भारत के निर्माण का संकल्प पत्र है. भारत आने वाले पांच साल में विश्वगुरु बने और दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे, यह उसी का रोड मैप है.' शिवराज ने कहा था कि जनता की आकांक्षाओं और आशाओं को समेट कर बनाया गया भाजपा का संकल्प पत्र जारी होने वाला है. मुझे उस कार्यक्रम में उपस्थित रहना था, लेकिन जबलपुर में राकेश सिंह के नामांकन हेतु जा रहा हूं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें