भोपाल से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी दिग्विजय सिंह जीत की राह को आसान बनाने के लिए हर वर्ग के मतदाता को साधने का काम करने में जुट गए हैं. उन्होंने अपने वार रुम से अब तेजी से यह काम शुुरु कर दिया है. उन्होंने अब युवा मतदाता को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए एक पहल की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत भोपाल को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए हैं और एक मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया है, जिस पर युवा अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा युवा और भी सुझाव दे सकता है. दिग्विजय ने अपनी इस नई पहल का नाम ‘युवा विजय, संकल्पित दिग्विजय’ दिया गया है. ट्वीटर पर इसकी जानकारी देते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि युवाओं के साथ पारस्परिक संवाद स्थापित करने के हेतु, उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं व आकांक्षाओं को समझने तथा उस संदर्भ में सकारात्मक कार्य करने को लक्षित एक नई पहल ‘युवा विजय, संकल्पित दिग्विजय’ प्रारंभ की जा रही है, जिसमें आप से जुड़े हर विषय का 9911186200 नंबर पर स्वागत है.
उल्लेखनीय है कि भोपाल लोकसभा क्षेत्र के करीब 21 लाख मतदाताओं में से करीब एक चौथाई ऐसे मतदाता हैं, जिनकी उम्र 18-29 वर्ष के बीच है. युवाओं का यह वोट बैंक निर्णायक स्थिति में प्रत्याशी को ला सकता है. यही वजह है कि दिग्विजय सिंह अपनी कठिन राह को आसान बनाने में युवा मतदाता को अपनी ओर आकर्षित करने में जुट गए हैं. इसके लिए उन्होंने एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस को भी सक्रिय कर दिया है. एनएसयूआई पूरी तरह से मैदान में सक्रिय है और युवा मतदाताओं को लुभाने का काम कर रही है. एनएसयूआई द्वारा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए एक विशेष अभियान भी चलाया गया है. एनएसयूआई द्वारा कालेजों एवं विश्वविद्यालयों में पहुंचकर ऐसे मतदाताओं से सीधा संपर्क कर उन्हें कांग्रेस के घोषणा पत्र की जानकारी दी जा रही है, साथ ही उन्हें कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की बात कही जा रही है.
कैसे दर्ज कराएं अपने सुझाव
आपको अपने मोबाइल से 9911186200 डायल करना है. आपका काल सीधे एक कम्प्यूटर रिकार्डर से जुड़ जाएगा, यहां आपका स्वागत किया जाएगा और फिर एक बीप बजेगी. बीप के बाद आपको अपना सुझाव बोलना है, लेकिन ध्यान रहे, आपको सिर्फ 40 सेंकेंड में अपनी बात पूरी करना है. आपके रिकार्डेड सुझावों को कौन सुनेगा, उनका क्या किया जाएगा, यह सबकुछ दिग्विजय सिंह ने नहीं बताया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें