मंगलवार, 16 अप्रैल 2019

कांग्रेस की सभाओं में भीड़ जुटा रहे अफसर

 भाजपा ने की चुनाव आयोग को शिकायत
भाजपा ने चुनाव आयोग को शिकायत की है कि सरकारी अधिकारी कांग्रेस की सभाओं में भीड़ जुटाने का काम कर रहे हैं. भाजपा ने  आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ सरकारी मशीनरी  का दुरुपयोग कर रहे हैं.
भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को अलग-अलग शिकातयें की है. इन शिकायतों में कांग्रेस पर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की है.  एक शिकायत में भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ सरकार मशीनरी का दुरूपयोग कर रहे है. सरकारी अधिकारी कांग्रेस की सभाओं के लिए भीड़ जुटाने का काम करने में लगे हुए है.  प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को हरसूद के खालवा ब्लाक की सभा में कम भीड़ देखकर रोष व्यक्त किया था और इसी दौरान बैतूल हरदा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक मितुल जोशी ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को बताया कि कलेक्टर, एसपी और सीईओ जिला पंचायत सहयोग नही कर रहे है. प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत से संबंधित दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार की प्रतिलिपि भी आयोग को सौंपते हुए कहा कि समाचार में प्रकाशित कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक खण्डवा के जवाब से यह सिद्ध होता है कि सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों का कांग्रेस दुरुपयोग कर रही है. समाचार के अवलोकन से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर, अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कांग्रेस के कार्यो में सहयोग करने, भीड़ जुटाने भीड़ जुटाने के लिए कहा जा रहा है. 
सीधी के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में कहा कि सीधी जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर अभिषेक सिंह की भूमिका पक्षपातपूर्ण एवं पूर्वाग्रह से पीड़ित होकर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने की है. कलेक्टर ने पक्षपातपूर्ण कार्यवाही करते हुए सिंहावल, सीधी व धौहनी विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों को 23 मार्च को बदल दिया. चुरहट-76 के सेक्टर अधिकारियों को नही बदला जाना पक्षपातपूर्ण कार्यवाही है जो कि निष्पक्षता,पारदर्शिता का घोर उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अभिषेक सिंह की शिकायत करते हुए उन्हें सीधी से तुरंत हटाने और चुरहट विधानसभा में नए सेक्टर अधिकारियों की पदस्थापना करने की मांग की.
विधायक ने किया धारा 144 का उल्लंघन
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से एक अन्य शिकायत करते हुए कहा कि सुवासरा से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग 9 अप्रैल को मंदसौर में 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बीच सड़क पर धरने पर बैठे, जिससे यातायात बाधित रहा और जनता को तकलीफ का सामना करना पड़ा. प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है और धारा 144 भी प्रभावशील है.ऐसे में विधायक द्वारा अपने समर्थकों के साथ धरना प्रदर्शन करना धारा 144 का खुला उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उक्त मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों ने कोई मामला दर्ज नही किया, बल्कि थानेदार के द्वारा हाथ जोड़कर खड़े रहना और समझाने से ऐसा लगता है कि कानून का राज समाप्त हो गया और कांग्रेस ही कानून हो गई.यह लोकतंत्र का मखौल है.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें