सोमवार, 22 अप्रैल 2019

प्रज्ञा के चुनाव की कमान संगठन के पास



मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के जनसंपर्क और चुनाव प्रचार की कमान भाजपा संगठन ने अपने हाथ में ले ली है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल सीट की जिम्मेदारी ली और पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंप दिए हैं. वर्तमान सांसद आलोक संजर को प्रज्ञा के जनसंपर्क का दायित्य सौंपा गया है.
भाजपा कार्यालय में आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में प्रदेश भाजपा के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे और खुद प्रज्ञा भारती भी उपस्थित रही. बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव प्रचार अभियान को गति देने की बात कही. साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों और वर्तमान विधायकों को सक्रिय होकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में काम करने को कहा. चर्चा के दौरान तय हुआ की साध्वी प्रज्ञा के चुनाव की कमान खुद शिवराज सिंह चौहान संभालेंगे. साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मंगलवार को भोपाल में अपना नामांकन दाखिल करेंगी. बैठक में तय किया गया कि प्रज्ञा सिंह के नामांकन से पहले पीरगेट से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली जाएगी. इस रैली में भाजपा के तमाम बड़े नेता शिरकत करेंगे. 
शिवराज ने कहा सब को करना होगा काम
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बैठक में सभी विधायकों, पदाधिकारियों को साफ कह दिया कि चुनाव में प्रज्ञा सिंह के पक्ष में सभी को मैदान में उतरना होगा. मैदान में उतरकर सभी को काम करना है और भाजपा की जीत के लिए काम करना है. वहीं भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा भारती ने कहा कि अब सभी को काम में जुटना होगा, बाकी बातें बाद में होंगी. अब केवल भाजपा की जीत के लिए हमें मैदान में उतरना है.
मंत्रोचार के साथ भरा नामांकन
भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह भारती ने मुहुर्त के अनुसार आज ही अपना नामांकन फार्म भर दिया. आज प्रज्ञा ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पंडितों के साथ मंत्रोचार के बीच अपना नामांकन भरा है. मगर वे कल 23 तारीख को रैली के रुप में जाकर अपना नामांकन विधिवत रुप से भरेंगी. भाजपा कल एक तरह से शक्ति प्रदर्शन करना चाह रही है.
नाराज नेताओं से कहा  शाह ने दिया है टिकट
प्रज्ञा सिंह भारती को टिकट दिए जाने को लेकर स्थानीय नेताओं में नाराजगी थी, उसे दूर करना संगठन को मुश्किल हो रहा था. आज बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने सभी को यह संदेश दिया कि अब नाराजगी छोड़कर हमें जीत के लिए काम करना है. प्रज्ञा सिंह को अमित शाह ने उम्मीदवार बनाया है, यह फैसला उनका है.
संघ ने कहा मतदान ज्यादा होना चाहिए
भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञासिंह ठाकुर के पक्ष में संघ भी सक्रिय हो गया है. लगातार बैठकों का दौर जारी है. संघ की बैठक भाजपा संगठन से अलग हो रही है, मगर संघ पदाधिकारियों की नजर भाजपा पदाधिकारियों पर पूरी तरह से है. संगठन किस तरह से काम कर रहा है, यह संघ के पदाधिकारी देख रहे हैं. संघ की बैठक में संघ ने अपने स्वयं सेवकों, अनुषांगिक संगठनों और पदाधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि यह संघ का टिकट है, इस हिसाब से अधिक से अधिक मतदान हो, इस पर ध्यान रखना होगा, इसमें किसी तरह की ढ़िलाई नहीं होनी चाहिए.
इन्हें सौंपी जिम्मेदारी
जसवंत हाड़ा को भोपाल लोकसभा सीट प्रभारी बनाया गया, जबकि पूर्व मंत्री उमांशकर गुप्ता को संयोजक बनाया गया है. वहीं नवल प्रजापति को सह संयोजन की जिम्मेदारी दी गई है. भाजपा के भोपाल जिला अध्यक्ष विकास वीरानी, अरुण उपाध्याय और गोपाल मीणा को विस्तारक बनाया गया है. वहीं गोपाल मीणा, सीताराम यादव को बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वसंत गुप्ता को कार्यालय प्रभारी बनाया गया है. आलोक संजर और राहुल कोठारी को जनसंपर्क का काम सौंपा गया है, जबकि अनिल अग्रवाल को प्रचार-प्रसार और वाहन की जिम्मेदारी दी गई है. सुमित रघुवंशी को प्रज्ञा सिंह के मीडिया की जिम्मेदी दी गई है. वहीं सुरजीत सिंह चौहान को आवास, केवल मिश्रा को भोजन और आलोक शर्मा को सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी दी गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें