भाजपा में गुटबाजी और नेताओं की बयान बाजी पर जताई चिंतामध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए संघ ने अपने अनुषांगिक संगठनों को सक्रिय किया है. संगठनों के पदाधिकारियों से कहा है कि वे मैदान में उतरें और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएं. संघ पदाधिकारियों के सामने अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाजपा में बढ़ी गुटबाजी और नेताओं की बयानबाजी पर भी चिंता जताई है.
राजधानी भोपाल में संघ ने अपने सभी अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों की एक बैठक विद्याभारती में की. इस बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहे. संघ की ओर से अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार, मध्यप्रांत के प्रमुख दीपक विस्पुते उपस्थित थे. इस बैठक में संघ के अनुषांगिक संगठन भारतीय किसान संघ, सेवा भारती, विद्यार्थी परिषद, वनवासी कल्याण परिषद सहित करीब दो दर्जन संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे. बैठक में भाजपा की कमजोर सीटों को लेकर रणनीति बनाई गई, वहां की स्थिति के बारे में भाजपा पदाधिकारियों से चर्चा की और संघ को वहां के मिले फीडबेक के आधार पर संगठन को बताया कि वहां पर भाजपा की क्या स्थिति है. बैठक में अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाजपा में उभरी गुटबाजी और नेताओं की बयानबाजी पर भी चिंता जताई. पदाधिकारियों ने कहा कि अगर इसे समय रहते नहीं रोका गया तो भाजपा को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है. पदाधिकारियों ने संघ को यह जानकारी दी कि पार्टी लाइन छोड़कर कुछ नेता बयानबाजी कर रहे हैं, जिसका सीधा प्रभाव कार्यकर्ता पर पड़ रहा है. कार्यकर्ता मैदान में नजर नहीं आ रहा है. संघ पदाधिकारियों ने अनुषांगिक संगठनों को मैदान में उतरकर भाजपा के पक्ष में काम करने की बात कही.
विरोधी को कमजोर नहीं माने
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार ने भोपाल संसदीय सीट की जानकारी ली और कहा कि इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह हैं, उन्हें भाजपा संगठन हल्के में न लें. उनके खिलाफ रणनीति बनाकर कार्यकर्ता को मैदान में सक्रिय करें. प्रत्याशी चयन में देरी को लेकर भी जैन ने कहा कि प्रत्याशी तो समय रहते घोषित हो जाएगा, आपकों को मैदान में दिखाई देना चाहिए. भाजपा संगठन पदाधिकारियों को साफ कहा गया कि वे मैदान में नजर आएं, इस बात की चिंता छोड़ दें कि प्रत्याशी कौन होगा.
संघ पदाधिकारियों की एक और होगी बैठक
राजधानी में जल्द ही संघ की एक और बड़ी बैठक होने वाली है. इस बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह भैयाजी जोशी के भी उपस्थित रहने की बात कही जा रही है. भैयाजी जोशी के अलावा कुछ और पदाकिधारी भी बैठक में उपस्थिति रहेंगे. इस बैठक में मालवा, ग्वालियर-चंबल के अलावा खासतौर से संघ भोपाल संसदीय क्षेत्र के लिए अपनी रणनीति का खुलासा कर भाजपा संगठन को उसी के आधार पर चुनाव मैदान में उतरकर प्रत्याशी के पक्ष में काम करने को कहेगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें