मंगलवार, 9 अप्रैल 2019

जनता का पैसा ओएसडी की जेब में

नरेन्द्रसिंह तोमर 
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में बड़े बडे वादे किए थे, लेकिन न तो किसानों का कर्जा माफ हुआ और न युवाओं को रोजगार मिला. सिंचाई विभाग की बड़ी परियोजनाएं बंद हो चुकी है. इन सब बातों पर मुख्यमंत्री कमलनाथ से पूछा जाता है, तो वह कहते है हमारे पास पैसा नहीं है. लेकिन चार महीने में मुख्यमंत्री के ओएसडी के यहां छापे में करोड़ों रूपए बरामद होते है. जनता का सारा पैसा ओएसडी के जेब में जा रहा है. चार महीने में अगर यह हाल है तो यह सरकार पांच साल कैसे निभाएगी, इसका अंदाजा हम भलीभांति समझ सकते है.
 यह बात केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने सीधी के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित जनसभा में कही.  सीधी लोकसभा की पार्टी प्रत्याशी रीति पाठक ने केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्रसिंह तोमर, लोकसभा प्रदेश प्रभारी व उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री अजयप्रताप सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. सभा को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि जो लोग आज नरेन्द्र मोदी के खिलाफ गठबंधन कर रहे है इन्हें मोदी  से भय लग रहा है कि अगर इकठ्ठे नहीं हुए तो इनका राजनैतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा. यह वही लोग है जो एक दूसरे का मुंह देखना पंसद नहीं करते थे. वह आज गठबंधन कर रहे है. साइकिल हाथी पर सवार है और हाथी साइकिल पर सवाल होकर बैठा है.  तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाने से पहले अपने आपको समझ लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि  अपनी ही प्रापर्टी को अपने ही नाम करने की चार सौ बीसी करने वाला पूरा नेतृत्व जमानत पर बाहर है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात पर शर्म आना चाहिए. कांग्रेस हमेशा से भ्रष्टाचार और घोटाले करती आयी है. जनता को भ्रमित करने का काम कांग्रेस ने किया है. 
मोदी सरकार ने देश हित में निर्णय लिए
मध्यप्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि हमारा कार्यकर्ता अपने भीतर छिपे हनुमान को पहचाने और चुनावी कार्य में जुट जाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने देश हित में निर्णय लिए हैं. गरीबों को लूटने वालों पर शिकंजा कसा है. स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि संकल्प पत्र के माध्यम से हमने हर व्यक्ति की चिंता की है. संकल्प पत्र सिर्फ घोषणा पत्र नहीं देश को आगे बढ़ाने का संकल्प है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें