रविवार, 21 अप्रैल 2019

नोटिस मिलने के बाद शिवराज हुए सक्रिय, प्रज्ञा को बुलाया भाजपा कार्यालय

 शिवराज ने दी सलाह, बेवजह की बयानबाजी न करें, डा. वाजेपयी को बनाया मीडिया प्रभारी
मध्यप्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लगातार विवादित बयानों को लेकर भाजपा असहज हो गई है. चुनाव आयोग द्वारा मिले दो नोटिसों के बाद आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें प्रदेश भाजपा कार्यालय बुलाया और चर्चा कर उन्हें बेवजह की बयानबाजी न देने की सलाह दी. भाजपा ने अब पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. हितेष वाजपेयी को प्रज्ञा का मीडिया प्रभारी बनाया है.
प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा लगातार दिए जा रहे विवादित बयानों ने भाजपा को चिंता में डाल दिया. उनके द्वारा दिए बयानों पर निर्वाचन आयोग की ओर से उन्हें दो नोटिस मिल गए हैं, जिनका जवाब उन्हें देना है. प्रज्ञा के बयानों पर जब विवाद उठे और कांग्रेस की ओर से भाजपा की घेराबंदी तेज हुई तो मामले को लेकर आज सुबह से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्रियता दिखाई और साध्वी प्रज्ञा सिंह को प्रदेश भाजपा कार्यालय बुलाया. यहां पर उनसे लंबी चर्चा की और चुनावी रणनीति भी बनाई. साथ ही उन्हें बेवजह की बयानबाजी न देने की सलाह दी. पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रज्ञा सिंह को राजनीति के रीति रिवाज समझाए और राजनीति में बयानों के महत्व को भी समझाया. इस दौरान शिवराज सिंह ने उन्हें स्पष्ट बता दिया कि वो अपने व्यक्तिगत विचार मीडिया, कैमरों के सामने कतई व्यक्त ना करें.
पूर्व मुख्यमंत्री ने उन्हें समझाया कि वो अब वो राजनीति में हैं और उनके हर शब्द का अर्थ निकाला जाएगा, इसलिए नियंत्रित रहें. शिवराज सिंह ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मीडिया से बचाने की तरकीब भी निकाली. प्रज्ञा सिंह के मीडिया सलाहकार के रूप में हितेष वाजपेयी को नियुक्त किया गया है. 
प्रज्ञा ने कहा वे अपने बयान पर अडिग
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची प्रज्ञा सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मैं शनिवार को दिए अपने बयान पर अडिग हूं. बावरी ढ़ांचा गिराने मैं गई थी, राम मेरे आदर्श हैं. हमें भव्य राममंदिर बनाने से कोई रोक नहीं सकता. जब साध्वी से पूछा गया इस मामले में निर्वाचन आयोग ने आपको नोटिस जारी कर चुका है. तो साध्वी का कहना था कि आयोग से मुझे हेमंत करकरे और मस्जिद मामले में दो नोटिस मिले है, और वे इस नोटिस का जल्द जवाब देने के लिए कहा है.
दिग्विजय के जीवन में नहीं है हिन्दुत्व
दिग्विजय के हिन्दुत्व वाले बयान पर निशाना साधते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह के जीवन में हिन्दुत्व नहीं है, इसलिए उनकी डिक्शनरी में भी हिन्दुत्व नहीं है. वहीं रोड-शो के लिए वाहन की अनुमति नहीं मिलने के मामले में साध्वी ने कहा कि अनुमति इसलिए नहीं दी जा रही है क्योंकि विपक्ष को भय है कि मैं जनता की बीच पहुंच गई तो उनका सब कुछ खत्म हो जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें