शनिवार, 8 अगस्त 2020

प्रमुख कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संवाद करेंगे संघ प्रमुख


मध्यभारत प्रांत के सेवा कार्यों की करेंगे समीक्षा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत राजधानी भोपाल प्रवास के दौरान क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ व्यक्तिगत संवाद करेंगे। संघ प्रमुख कोरोना संकट में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही भविष्य के सेवा कार्यों की योजना पर भी विस्तृत चर्चा होगी। 
मध्यभारत प्रांत के प्रचार प्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद सरसंघचालक मोहन भागवत दो दिन के लिए मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रवास पर होंगे। इस दौरान वह ठेंगडी भवन में मध्यभारत व मालवा प्रांत के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा सत्रों में भाग लेंगे।  कोरोना संक्रमण के दौर में मध्यभारत प्रांत में संघ, सेवा भारती व समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से व्यापक सेवा कार्य किए गए। कोरोना संक्रमण के समय जब अस्पतालों में भर्ती मरीजों को रक्त की आवश्यकता हुई तो संघ के स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया। मध्यभारत प्रांत में मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में 1173 स्वयंसेवकों ने लोगों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान किया।
 सिसोदिया जी ने बताया कि प्रवासी श्रमिक लॉकडाउन में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। देश भर से प्रवासी श्रमिकों की घर लौटने की तस्वीरें सामने आयीं, इस स्थिति में स्वयंसेवक प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए आगे आये। स्वयंसेवकों ने 69 सेवा कैंप लगाए जिनके माध्यम से लगभग 22 हजार श्रमिकों तक सहायता पहुंचाई।  इस महामारी में प्रभावित लोगों को विभिन्न प्रकार की उपयोगी जानकारी देने के लिए स्वयंसेवकों ने कोरोना सहायता केंद्र बनाये। जहाँ लोगों को सरकारी मदद, इलाज, रोजगार इत्यादि विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
15 हजार से ज्यादा स्वयं सेवक रहे सक्रिय
सिसोदिया ने बताया कि मध्यभारत प्रान्त में 2,044 स्थानों पर शिविर लगाए गए एवं 15072 स्वयंसेवक सेवा कार्यों में सक्रिय रहे। 1, 97,662 मास्क एवं 44124 सैनिटाइजर का वितरण किया गया। स्वयंसेवकों ने 11 लाख से ज्यादा भोजन के पैकेट एवं 1 लाख 50 हजार से ज्यादा सूखे राशन के पेकेट का वितरण किया, जिससे लगभग 13 लाख लोग लाभान्वित हुए। उन्होंने बताया कि इस बैठक में आगामी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सेवा के नए कार्यों पर सरसंघचालक का मार्गदर्शन पदाधिकारियों को मिलेगा। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें