कांग्रेस के आरोपों को भाजपा और सरकार ने नकारा
भोपाल। प्रदेश में पटवारी चयन परीक्षा के परिणाम को लेकर सियासत तेज हो चली है। कांग्रेस इसे लेकर हमलावर है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। वहीं भाजपा और सरकार ने भी कांग्रेस को घेरने के लिए बयानबाजी तेज कर दी है। सरकार ने कांग्रेस के सभी आरोपों का खंडन करते हुए इसे भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।पिछले दो दिनों से प्रदेश में पटवारी च यन परीक्षा के परिणामों को लेकर सियासत तेज है। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति पर बयानबाजी कर रही थी। आज कांग्रेस ने इंदौर और राजधानी भोपाल में इसे लेकर प्रदर्शन भी कर डाला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हिंदी में हस्ताक्षर करने वालों के 25 में से 25 नंबर आए हैं। इस आरोप को झूठ बताते हुए गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मार्कशीट देखे बिना ही आरोप लगाया है। किसी के भी 25 में से 25 नंबर अंग्रेजी में नहीं आए हैं। कांग्रेस ने परीक्षा कराने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्टेड कंपनी को काम देने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस की इस आरोप के जवाब में राज्य सरकार के प्रवक्ता और गृहमंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि परीक्षा में कोई गड़बड़ नहीं हुई कांग्रेस मध्यप्रदेश को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। देश की सबसे प्रतिष्ठित कंपनी ने परीक्षा कराई है जिसने आईआईटी और नीट का एग्जाम कराया है। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के जो भी आरोप है वह झूठे है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ग्वालियर के एक ही सेंटर से सात लोग मेरिट में आये जबकि सत्य यह है कि इन सातों ने एक शिफ्ट में परीक्षा ही नही दी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी,दिग्विजय सिंह व अरुण यादव जी जिस सेंटर में धांधली का आरोप लगा रहे है वहा और हर सेंटर में परीक्षार्थी के हर क्लिक का रिकार्ड है। सीसीटीवी कैमरे भी परीक्षार्थी की हर गतिविधियों पर नज़र रखते है। आप लिखित रिकार्ड में मांगे जबानी जमा खर्च से काम नही चलेगा।
भोपाल में तो 42 प्रतिशत छात्र हुए हैं पास
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने एक और झूठ बोला है। उसका कहना है कि ब्लैक लिस्टेड कंपनी को परीक्षा का काम दिया गया लेकिन सच यह है कि परीक्षा संचालित करने वाली कंपनी देश की प्रतिष्ठित कंपनी है जो आईआईटी व नीट जैसे एक्जाम करवाती है। कांग्रेस ने एक झूठ और बोला है उसका कहना है कि ग्वालियर के सेंटर से हज़ारों परीक्षार्थी पास हुए जबकि सच यह है कि उस सेंटर से मात्र 114 लोग ही पास हो सके है। जबकि वहाँ परीक्षा 10 हज़ार से ज्यादा लोगो ने दी थी। इससे ज्यादा लोग तो अन्य जिलों के सेंटरों से हुए है। ग्वालियर में केवल 5 प्रतिशत तो भोपाल में 42 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी पास हुए है।
ग्वालियर को किया जा रहा बदनाम
मिश्रा ने कहा कि यह सब वह झूठ है जो कांग्रेस बोलकर प्रदेश को न केवल बदनाम कर रही है बल्कि प्रतिभावान नौजावनो का अपमान भी कर रही है। वैसे भी कमलनाथ जी व कांग्रेस नेताओं ने ग्वालियर को बदनाम करने के पहले भी प्रयास किये है। धांधली का आरोप लगाने वाले यह कमलनाथ जी ,दिग्विजय सिंह ,अरुण यादव वो ही लोग है जिन्होंने अपनी अपनी 15 महीने की सरकार में एक भी नौजवान को नौकरी नही दी थी। इनके लिए तो ढोर चराना, बैंड बजाना ही नौकरी थी। आज जब शिवराज सरकार एक लाख लोगों को नौकरी देने का लक्ष्य पूरा करने जा रही है तो इन कांग्रेसी नेताओं को प्रसव वेदना जैसी पीड़ा रही है।
पर्चियों पर नौकरी देने वाले खड़े कर रहे सवाल
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार करते हुए आरोपों पर बिन्दुवार जवाब देते हुए कहा कि जो कांग्रेस पर्चियों पर नौकरी देती थी, वह आधुनिक परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठा रही है। पार्टी का ही एक पदाधिकारी जो इस परीक्षा में फेल हो गया उसे मोहरा बना कर कांग्रेस नेता झूठ फैला रहें है। प्रदेश के नौजवानों को बदनाम करने का प्रयास वह लोग कर रहें है। जिन्होने अपनी 15 महीने की सरकार में 15 लोगों को भी नौकरी नही दी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें