शुक्रवार, 21 जुलाई 2023

देश में आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई, मैं ध्यान भटकाने नहीं आई

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में जनआक्रोश रैली को किया संबोधित


भोपाल। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि नेताओं में सभ्यता, सरलता, सादगी, सच्चाई ढूंढते हैं। आजकल भोकाल की राजनीति है, देश का सत्य डूब रहा है, लेकिन मैं ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मैं मुद्दों की बात करने आई हूं। 

ग्वालियर में जनआक्रोश रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। टमाटर 150 रूपए किलो बिक रहा है। बारिश में घर की छत की मरम्मत कराना महंगी हो गई है। कहीं जा रहे हैं तो उसके यहां उपहार देना मुश्किल हो गया है, बच्चों की फीस महंगी हो गई है। बारिश मे छाता खरीदना मुश्किल। केवल टमाटर की बात नहीं, पूरे जीवन में बोझ बन गई है महंगाई। महंगाई की मार से सबसे ज्यादा बहनें परेशान हैं। राशन, एलपीजी, उपचार, सब महंगा, मैं दूसरों की आलोचना के बजाय समस्या पर बात करूंगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की पूरी संपत्ति दो बिजनेसमैन को बेची, सरकारी कंपनियों को अपने मित्रों को सौंपा। सेना की भर्ती की असलियत सबके सामने है, बेरोजगारी बढ़ गई, रानी लक्ष्मी बाई के इस क्षेत्र से वीर जवान सरहद पर खड़े होते थे, अब अग्निवीर की ट्रेनिंग से ही युवा वापस जा रहे हैं।

नेक इंसान के हाथ में दो सत्ता, वह सेवा करेगा

पटवारी भर्ती में घोटाले का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदे  में 3 सालों में सिर्फ 21 सरकारी नौकरी दीं, ये शर्म की बात है। ये लोग चुनाव के पहले लोगों को बरगला रहे हैं, 18 साल सरकार में रहते कुछ नहीं दिया। महंगाई, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि घोटालों की लंबी लिस्ट है। भगवान की मूर्तियां तक नहीं छोड़ीं, महाकाल में घोटाला कर दिया। जो सरकार खरीद कर बनाई गई उसकी नींव ही गलत है। नीयत भी खराब, इसलिए घोटाले और लूट पर ध्यान है। 18 सालों से सत्ता में रहने से सरकार अहंकारी हो गई है। मध्यप्रदेश में जनता को मूल मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है। सत्ता को नेक इंसान के हाथ में दो, वह सेवा करेगा, गलत हाथों में ऐसे ही लूट मचेगी।

मणिपुर की घटना पर मौन क्यों?

मणिपुर जल रहा है, अत्याचार जारी है। प्रधानमंत्री ने 77 दिन तक बयान तक नहीं दिया, एक्शन लेना दूर की बात है। मजबूरी में कल चुप्पी तोड़ी जब वीडियो वायरल हुआ, बयान में भी राजनीति घोली। मैं भी 30 मिनट में 10 मिनट तक मोदी, 10 मिनट सिंधिया और 10 मिनट शिवराज के बारे में बोल सकती हूं। मगर मैं मुद्दों को भटकाना नहीं चाहती हूं। मैं मुद्दों की बात करने आपके बीच आई हूं। 

मजबूत सरकार बनाएं, जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके

प्रियंका ने वादे करते हुए कहा कि हमारी जहां-जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। जब आप नौकरी के लिए जाते हैं, तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में आज पेंशन सुविधा है। छत्तीसगढ़ में 26 सौ रूपए आपको धान के लिए मिलते हैं। कर्नाटक में हमने कहा था, बस में महिलाएं फ्री यात्रा करेंगी। अब ये सेवा भी शुरू होने जा रही है। आज मध्यप्रदेश में भी बदलाव की लहर है। प्रदेश में एक ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए।

रानी लक्ष्मीबाई की समाधी पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

ग्वालियर पहुंचकर वे सबसे पहले रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर गई और श्रद्धांजलि दी। कयास लगाए जा रहे थे कि वे सिंधिया और सिंधिया परिवार को निशाने पर लेंगी लेकिन उन्होंने 33 मिनट के भाषण में सिर्फ एक बार सिंधिया का नाम लिया। सरकार ने जाने के बारे में प्रियंका गांधी ने दो बार सिर्फ उसका जिक्र किया। उन्होंने एक बार कहा कि हमारी सरकार का सौदा हुआ था।

18 सालों में भर्ती घोटाले और महंगाई दी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार ने मध्यप्रदेश को झूठ की राजधानी बना दिया है। नौजवानों को झूठ बोला, आदिवासियों को झूठ बोला, मां नर्मदा को झूठ बोला, हमारे आदिवासियों को झूठ बोला। मैं पूछना चाहता हूं कि किसको इन्होंने झूठ नहीं बोला। शिवराज सिंह झूठ की मशीन हैं, घोषणाओं की मशीन हैं, घोटालों की मशीन हैं। चुनाव में चार महीने बचे हैं, ये मशीन अब डबल स्पीड से चल रही है। यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा। आज चुनाव जब चार महीने दूर है, तो शिवराज सिंह को बहनें याद आ रही हैं। किसान याद आ रहे हैं। 18 साल में आपने क्या दिया। भर्ती घोटाले दिए,  महंगाई दी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें