भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि सिंधी समाज देश को जोड़ने का काम करता है। सिंधी समाज अपने हर भाई की मदद करता है। इस समाज का कोई भी व्यक्ति मजदूरी करते हुए नहीं मिलेगा। सिंधी समाज देश की संस्कृति का प्रतीक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यह बात आज राजधानी में सिंधी समाज द्वारा आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है। ठीक इसी तरह सिंधी समाज भी जोड़ने का काम करता है। इतनी अनेकता होने के बाद भी एक झंडे के नीचे खड़ा है यह समाज। आज देश के हर हिस्से में अशांति का माहौल है। पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं, तमिल में नारे लग रहे हैं। मणिपुर में हिंसा फैली हुई है। यह सब घटनाएं एक साल के अंदर घटित हुई हैं। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज की जो भी मांगे हैं, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पूरी की जाएंगी। अगर मांगे पूरी न हो तो कांग्रेस का साथ देने वालों के कपड़े फाड़िए। उन्होंने सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि प्रदेश के नौजवानों में काम की तड़प है, लेकिन उनके पास रोजगार नहीं है। 18 साल बाद सरकार को बहनों और पुलिस की याद आ रही है।
सिंधी समाज ने भाजपा का साथ दिया, भाजपा ने क्या किया
कमलनाथ ने कहा कि सिंधी समाज ने हर समय भाजपा का साथ दिया, मगर भाजपा ने समाज को धोखा दिया। भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृश्ण आड़वानी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि मुझे उनके बारे में आपको बताने की जरूरत नहीं है, आप सभी जानते हैं। भाजपा ने उनके साथ भी धोखा किया।
एक माह के अंदर जारी होगा वचनपत्र
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आज बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव का वचन पत्र एक माह के अंदर जारी कर देगी। सभी समाजों के लोग मुझे अपने सम्मेलनों में बुला रहे हैं तो मैं जा रहा हूं। उनकी बातें और मांगों को सुन रहा हूं। उन्होंने प्रदेश में लगातार हो रहे अमित शाह के दौरे को लेकर कहा कि ये भाजपा का अपना मामला है, वो देखे उसे कब किस को भेजना है। उन्होंने कहा कि हमारे भी कई नेता आ रहे हैं। चुनाव का वक्त है सभी दलों के बड़े नेता आएंगे, आना-जाना चलता रहता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें