माइक्रोमैनेजमेंट प्लानिंग में जुटे दिग्गज
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के नेता राजधानी में बैठकें कर जीत के लक्ष्य को पाने के लिए चुनाव प्रबंधन, चुनाव संचालन समेत अन्य चुनावी समितियों के गठन के लिए मंथन किया जा रहा है। बूथ स्तर पर किस तरह मजबूत टीम को जिम्मेदारी सौंपी जाए इसकी रणनीति तय की जा रही है। बैठकों के दूसरे दिन आज मीडिया और सोशल मीडिया टीमों चुनाव तक किस तरह कार्य करना है, मतदाता के बीच पार्टी की छवि कैसे बनाना है पर मंथन किया गया।मिशन 2023 की तैयारियों में जुटी भाजपा में बैठकों का दौर जारी है। अमित शाह की बैठक के बाद भाजपा में लगातार बैठकें चल रही है। प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और सहप्रभारी अश्विनी वैष्णव ने मीडिया विभाग की बैठक ली और इसमें कांग्रेस और दिग्विजय को घेरने की रणनीति तैयार हुई। चल रही बैठकों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि, चुनाव को लेकर किस रणनीति के तहत काम किया जाए इसे लेकर बैठक हो रही है। चुनाव की माइक्रोमैनेजमेंट प्लानिंग की जा रही है। भाजपा पहले से ही चुनावी मैदान में हैं, और हम और ज्यादा गहराई के साथ आगे बढ़ रहे हैं। चुनाव से संबंधित जितनी चीजें और बातें हैं उसे केंद्रीय नेतृत्व के साथ तय किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने नेताओं से कहा कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी कैसे दूर की जाए और एंटी इनकंबेंसी से कैसे निपटा जाए? बैठक में कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के रोडमैप पर विचार किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। बैठक में चुनाव के लिए अलग-अलग समितियों के गठन पर विचार किया गया।
सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए मीडिया टीम
भाजपा नेताओं ने आज मीडिया विभाग की बैठक ली, इसके बाद सोशल मीडिया की टीम के परफॉर्मेंस और काम को लेकर चर्चा की गई। चुनाव प्रभारी यादव और सह प्रभारी वैष्णव ने कहा कि चुनाव के समय सबसे अहम रोल में मीडिया और सोशल मीडिया है, इसलिए इन दोनों ही विभागों की भूमिका पूरे चुनाव में अब से लेकर चुनाव होने तक है। संवेदनशील मुद्दों से लेकर चुनाव प्रचार, विपक्षी दलों को दिए जाने वाले आक्रामक जवाब में इस टीम का काम ही पार्टी की छवि बनाता है। इसलिए सभी को चौकस होकर काम करना है और पार्टी व सरकार के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें