विधायकों को नसीहत, तीन माह बचे हैं, काम करो, जिताउ को ही टिकट
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने वर्तमान विधायकों को निर्देश दिए हैं कि अब समय कम हैं, मैदान में नजर आएं। रूठों को मनाएं, हमें चुनाव जीतना है। पार्टी पदाधिकारियों ने विधायकों को संदेश भी दे दिया कि जो जीतने योग्य होगा, टिकट उसे ही मिलेगा।
मध्यप्रदेश में राज्य विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद वर्तमान विधायकों की संगठन ने राजधानी में एक बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा
, प्रदेश संगठन प्रभारी हितानंद ष्शर्मा मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि अब आराम का समय नहीं, अब मैदान में नजर आना है। विधायकों को कहा गया कि तीन माह का समय बचा है, आपकों को मैदान में सक्रियता दिखानी है। सरकार के काम को जनता के बीच ले जाना है और मतदाता को भाजपा की ओर आकर्शित करना है। इसके अलावा पार्टी के रूठे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को किसी भी तरह से मनाओ, उन्हें सक्रिय करो। हमें चुनाव जीतना है। टिकट उसे ही मिलेगा जो सर्वे में जीतने योग्य प्रत्याशी होगा। सारे मतभेद भुलाकर अभी से मैदान में जुट जाओ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में मतदाता ले रहे हैं। स्थिति यह है कि आज हर घर में हितग्राही है, बस हर हितग्राही को हमें पार्टी से जोड़ना है। बूथ विजय संकल्प से ही चुनाव जीते जाते हैं। हमें बूथ को मजबू करना है।
हमारे पास है सशक्त नेतृत्व : मुरलीधर
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक में कहा कि हमारे पास केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसा सशक्त नेतृत्व है। सबसे अधिक लंबे समय तक कोई मुख्यमंत्री रहा है तो वह शिवराज है। मुरलीधर राव ने कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा जीत का इतिहास बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण भाजपा का मूलमंत्र है। इसे साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश और प्रदेश में किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 51 प्रतिशत वोट शेयर का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे पूरा करने में हितग्राहियों से संपर्क और संवाद करें। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार ने जो कार्यक्रम तय किए है, उन्हें हर विधायक पूरी सक्रियता के साथ अपनी विधानसभा में नीचे स्तर तक ले जाने का काम करें।
अभियान को नीचे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी विधायकों की
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ स्तर तक हमारा मजबूत संगठन तंत्र तैयार है। इस मजबूती के आधार पर अपने विपक्षियों को करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रूप में हमारे पास सशक्त नेतृत्व है। नेतृत्व की ताकत और संगठन तंत्र की मजबूती के साथ हम चुनावी मैदान में जाएं। आने वाले दिनों में भाजपा के अभियान और कार्यक्रम प्रारंभ होंगे, उसे नीचे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक विधायक की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें