शुक्रवार, 28 जुलाई 2023

मध्यप्रदेश के स्कूल में हिजाब के बाद गायत्री मंत्र

विवाद बढ़ा तो हटा दिया प्राचार्य को 

भोपाल। शांति के लिए माने जाने वाले मध्यप्रदेश में चुनावी साल में सांम्प्रदायिक वैमस्यता फैलाने के नजारे नजर आने लगे हैं। कुछ माह पहले मध्यप्रदेश के दमोह में एक स्कूल में छात्राओं को हिजाब पहनाने का मामला सामने आया था, इसके बाद अब प्रदेश के एक सरकार स्कूल में गायत्री मंत्र बोलने पर रोक लगाने का मामला सामने आया। हालांकि मामले के सामने आने के बाद सरकार ने प्राचार्य को हटा दिया है। प्राचार्य का कहना है कि स्कूलों में धार्मिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकती, इसके लिए उन्होंने रोक लगाई थी। 

मध्यप्रदेश में पिछले कुछ माहों से लगातार ऐसी घटनाएं घट रही है, जिसके उम्मीद प्रदेश के नागरिकों ने नहीं की थी। कुछ समय पहले ही दमोह के गंगा जमुनी स्कूल में छात्राओं को हिजाब पहनाने का मामला सामने आया था। इस मामले के तूल पकड़ने पर सरकार ने स्कूल की मान्यता रद्द कर दी और बुल्डोजर तक चलाने की कार्रवाई के निर्देश दिए थे। यह मामला पूरे देश में चर्चा का विशय भी बना था और राश्टीय मानव अधिकार आयोग ने भी इसे लेकर सक्रियता दिखाई थी। आयोग ने सरकार से स्कूल पर  पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी। इस मामले के शांत होने के बाद अब मध्यप्रदेश के एक सरकारी स्कूल में प्रार्थना के बाद गायत्री मंत्र बोलने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर सियासत भी गर्मा गई है। हालांकि दमोह का यह स्कूल एक निजी स्कूल था। मगर अब जो मामला सामने आया है वह एक सरकारी स्कूल है। 

दरअसल मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान गायत्री मंत्र बोलने पर रोक लगा दी गई। इतना ही नहीं रोक लगाते हुए प्राचार्य ने बच्चों को फटकार भी लगाई।  जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि  ये कोई मिशनरी स्कूल का मामला नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में हिंदुत्व का झंडा उठा रहे मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान का ड्रीम प्रोजेक्ट सीएम राइज स्कूल का मामला है।  अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हिन्दु संगठन सक्रिय हो गए हैं। 

यह था मामला

ब्यावरा के सीएम राइज स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान रोज की तरह बच्चे गायत्री मंत्र पढ़ने लगे. इस बीच वहां मौजूद शिक्षिका माजिदा सिद्दीकी ने प्रिंसिपल के पास जाकर उनके कान में कुछ कहा था, इसके तुरंत बाद ही प्रचार्य दुष्यंत राणा ने बच्चों को डांट लगा दी. अब सवाल ये उठ रहा है कि सॉफ्ट हिंदुत्व वाली शिवराज सरकार की नाक के नीचे दमोह में हिजाब के बाद अब सीएम राइज स्कूल में गायत्री मंत्र पर ऐतराज क्यों जताया जा रहा है?

प्रिंसिपल ने रखा था अपना पक्ष

प्रिंसिपल दु्ष्यंत राणा का कहना हैं कि कल तक गायत्री मंत्र बोला जाता था, लेकिन एक दिन पहले बैठक में सभी शिक्षकों के साथ यह फैसला लिया था कि अब प्रार्थना के बाद गायत्री मंत्र नहीं बोला जाएगा।  ऐसा ऊपर से निर्देश आया है। ये सीएम राइज स्कूल है, यहां धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिबंध है। सरकारी स्कूल में किसी विशेष धर्म को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता. इसके लिए हमने बैठक ली है, जिसमें फैसला लिया गया है कि केवल राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत ही बोला जाएगा। 

हटा दिया प्रिंसिपल को 

घटना को लेकर जब हिन्दू संगठन सक्रिय हुए तो मामला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचा। बाद में सीएम राइज स्कूल के प्रिंसिपल को हटा दिया गया। सीएम राइज स्कूल ब्यावरा में 192 बच्चे अध्ययनरत हैं। जिनमें दो मुस्लिम बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जबसे स्कूल खोला गया है तब से ही यहां प्रार्थना के अंत में गायत्री मंत्र बोला जाता है।

शिक्षका पर नमाज पढ़ाने का आरोप

गायत्री मंत्र पढ़ने से रोकने का मामला सामने आने के बाद जब मीडिया की टीम स्कूल के बच्चों से बात करने पहुंची, तो उस दौरान कुछ बच्चों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षिका माजिदा सिद्दीकी पर स्कूल की कक्षाओं में नमाज पढ़ाने का आरोप भी लगाया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें