भोपाल। मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के निशाने पर कांग्रेस के दिग्गज नेता आ गए है। भाजपा ने एक बार फिर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को निशाना बनाया है। भाजपा ने लंबे समय से तैयारियां कर अब कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में हाईटेक सेंधमारी की है। इसके तहत भाजपा ने छिंदवाड़ा में एक हाईटेक कार्यालय शुरू किया है। यह कार्यालय सीधे तौर पर दिल्ली स्थित भाजपा के आईटी सेल और भाजपा के बड़े नेताओं से संपर्क में रहेगा।
मध्यप्रदेश में इस बार होने वाला विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक हो सकता है। भाजपा ने इसके लिए लंबे समय से तैयारियां की है। वैसे तो पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा ने प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के गढ़ों को घेरने की कवायद की थी और बहुत कुछ वह सफल भी रही थी। प्रदेश के वरिश्ठ कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह और कांतिलाल भूरिया के गढ़ों को भेद कर भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सीटें हासिल कर ली थी। उस वक्त कांग्रेस में रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में भी भाजपा ने सेंधमारी कर उन्हें हरा दिया थ। इसके बाद सिंधिया ने पाला बदला और कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए। इस सेंधमारी में भाजपा कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा को भेदने से चूक गई थी। यहां पर कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ को सांसद का चुनाव जीता ले गए थे। इसके बाद से ही भाजपा छिंदवाड़ा को लेकर गंभीर है। इस बार भाजपा ने विधानसभा चुनाव के पहले छिंदवाड़ा पर पूरा ध्यान केन्द्रित रखा है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित ष्शाह खुद वहां का दौरा कर आए हैं। इसके अलावा भाजपा ने केन्द्रीय मंत्रियों को भी छिंदवाड़ा संसदीय सीट की जिम्मेदारी दी है। अब भाजपा ने यहां पर हाईटेक कार्यालय शुरू कर दिया है।
भाजपा ने यहां पर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क हो सके, इसके लिए कॉल सेंटर खोला है। कॉल सेंटर में सभी उपकरण कम्प्यूटर सहित अन्य संशाधन दिल्ली से भेजे गए हैं। इस कॉलसेंटर में करीब 35 कम्प्यूटर लगाए गए है। साथ ही 70 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। ये सभी कर्मचारी दिल्ली से ही भेजे गए हैं। भाजपा ने इस हाईटेक कॉल सेंटर की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को दी है। इसी कंपनी ने कर्मचारियों को नियुक्ति किया है। इतना ही नहीं इस कॉलसेंटर की सबसे खास बात ये है कि इसमें स्पेशल ट्रेंड यानि प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर ही काम करेंगे। इस कॉलसेंटर के माध्यम से जिले के 33 मंडलों के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। जहां माइक्रो लेवल पर डाटा बेस तैयार किया जाएगा।
बूथ स्तर तक भेजी जाएगी जानकारी
भाजपा कार्यालय में स्थापित कॉल सेंटर भाजपा दिल्ली से आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी मंडल, शक्ति केंद्र व बूथ स्तर तक पहुंचाएगा। केंद्र व राज्य की योजनाओं को लेकर भी कार्य करेगा। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिहाज से की जा रही तैयारियों के तहत गतिविधियों से दिल्ली और भोपाल भाजपा को अवगत कराएगा।
40 साल से बना हुआ है कमलनाथ का गढ़
छिंदवाड़ा कमलनाथ का गढ़ है। यहां पर बीते 40 सालों से कमलनाथ का कब्जा माना जाता है, लेकिन अब यहां पर कमलनाथ को घेरने की तैयारी में बीजेपी है। यही कारण है कि बीजेपी का यहां बड़ा फोकस है। 29 लोकसभा सीटों में से छिंदवाड़ा ऐसी सीट है जहां अभी भी कांग्रेस का कब्जा है। आपको बता दें छिंदवाड़ा एक ऐसा क्षेत्र हैं जहां की सभी 7 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। इसे महाकौशल का सबसे बड़ा राजनीतिक केंद्र माना जाता है। इतना ही नहीं यहां पर 40 साल से कांग्रेस का कब्जा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें