सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, दो गिरफ्तार
भोपाल। मध्यप्रदेश के सीधी में आदिवासी युवक के साथ हुई अमानवीय घटना का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब प्रदेश के ग्वालियर में एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में अल्पसंख्यक युवक को गाड़ी में बैठाकर मारपीट की गई। साथ ही उसे आरोपी युवक ने तलवे चटवाए। घटना किसी पुरानी रंजिश को लेकर घटी। इसमें आरोपियो युवक का अपहरण कर कार में बैठाया और मारपीट कर तलवे चाटने को विवश किया।मध्यप्रदेश के ग्वालियर के डबरा में यह वारदात घटी। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मामला सामना आया तो पुलिस भी सक्रिय हुई। वीडिया में दिखाई दे रहा है कि एक कार के अंदर एक युवक को कुछ युवक घेरकर बैठे हुए हैं। साथ ही उसे लात-घूंसे मार रहे हैं। एक युवक उसी कार में बैठकर वीडियो शूट कर रहा है। मोबाइल के सामने मारपीट करने वाला युवक बार-बार उस युवक से बुलवाने की कोशिश कर रहा है कि गोलू गुर्जर बाप है। इसी बीच मारपीट करने वाला युवक मुंह कैमरे की तरफ मोड़ता है और उससे पैर का तलवा चटवाता है और बोलता है कि पैर दबा और तलवे चाट। जब युवक तलवा नहीं चाटता तो उसके मुंह में जबरन पंजा डाल देता है। दूसरे वीडियो में युवक मारपीट करता है, पीछे से एक युवक उसे चप्पल देता है। फिर इस चप्पल से मुंह और सिर पर बेरहमी से मारता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सजग होती है और वीडियो के बारे में जानकारी जुटाती है।
दोस्त के बुलाने पर मिलने पहुंचा था युवक
वीडियो मामले में फरियादी मोहसिन खान डबरा के जंगीपुर गांव का रहने वाला है। मोहसिन ने पुलिस को दिए बयान में अपनी आप बीती सुनाई। मोहसिन ने बताया कि उसे उसके दोस्त करण ने ग्वालियर न्यू कलेक्ट्रेट के पास बुलाया था। जहां पर घात लगाए बैठे गोलू गुर्जर सहित अन्य आरोपियों ने उसे गाड़ी के अंदर बुलाया और उसके बाद मारपीट की। आरोपियों की गाड़ी के अंदर कुछ अवैध हथियार भी मौजूद थे।
दो गिरफ्तार, बाकी फरार
घटना को लेकर ग्वालियर पुलिस का कहना है कि कुछ समय पूर्व मोहसिन और गोलू के छोटे भाई के बीच झगड़ा हो गया था। सात दिन पहले मोहसिन मालनपुर में अपने रिश्तेदार के यहां रहने चला आया। इस बीच मोहसिन को किसी बहाने ग्वालियर बुलाया गया। यहां से उसे गोलू गुर्जर उसके साथी कार में जबरन बैठाकर ले गए। कार में उसके साथ अमानवीय घटना को अंजाम दिया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने क्राइम ब्रांच और दो थानों की टीम को इसकी पड़ताल में लगाया है। बताया गया है कि शुक्रवार देर रात को पुलिस ने आरोपित की तलाश में दबिश दी है। पुलिस ने बताया कि फरियादी करण गोस्वामी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाने में 4 आरोपी गोलू गुर्जर निवासी जतरबी, सुदीप गुर्जर टेकनपुर, तेजेंद्र गुर्जर ख़ोदन और अमित गुर्जर पर अपहरण और मारपीट का मुकदमा कायम किया गया है। जिसके बाद आनन फानन में गोलू और सुदीप को गिरफ्तार किया गया है। गोलू गुर्जर को नाबालिक बताया जा रहा है।
मंत्री ने कहा की जा रही कार्रवाई
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें