मंगलवार, 25 जुलाई 2023

मध्यप्रदेश में भाजपा के नाराज नेताओं को मना रहे तोमर

मलैया से की बात, जल्द ही मिलेगी जिम्मेदारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के लिए सबसे बड़ी चिंता उसके अपने नेताओं की नाराजगी रही है। नाराज नेताओं को मनाने का काम अब खुद चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने हाथ लिया है। वे खुद नाराज नेताओं से चर्चा कर उनकी नाराजगी दूर करने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि नाराज चल रहे नेताओं को चुनाव कार्य से जोड़ा जाएगा और उन्हें जिम्मेदारी देकर सक्रिय किया जाएगा। 

मध्यप्रदेश भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती नाराज नेताओं की थी। इनकी नाराजगी के चलते कई स्थानों पर भाजपा के समीकरण बिगड़ रहे थे। भाजपा संगठन के कई बार प्रयास किए जाने के बाद भी जब ये नेता नहीं माने तो इस बार इन नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी भाजपा हाईकमान ने चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर को दी है। पिछले दिनों जब अमित शाह ने भोपल में नेताओं के साथ बैठक की थी, तब भी यही मुददा मुख्य था। शाह ने सभी नेताओं को यह कहा था कि नाराज नेताओं को मनाने के लिए बड़े नेता सक्रियता दिखाएं। इसके बाद अब तोमर को यह जिम्मेदारी मिली है, वे प्रदेश के सभी नेताओं की नाराजगी को दूर करने के काम में खुद जुटे हैं। बताया जा रहा है कि तोमर लगातार नाराज नेताओं को मनाने का काम कर रहे है। 

मलैया को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी 

पूर्व मंत्री जयंत मलैया की नाराजगी को दूर करने के लिए खुद नरेन्द्र सिंह तोमर ने उन्हें फोन कर भोपाल बुलाया। मलैया और तोमर के बीच राजधानी भोपाल में लंबी बातचीत हुई है। बताया जा रहा है कि तोमर ने मलैया की नाराजगी को दूर करते हुए उन्हें चुनावी कार्य में सक्रियता बढ़ाने को कहा है। माना जा रहा है कि मलैया को चुनाव प्रबंधन जैसे काम के लिए सक्रिय किया जा सकता है। गौरतलब है कि दमोह में हुए उपचुनाव के वक्त से मलैया और उनके पुत्र सिद्धार्थ मलैया खुद को उपेक्षित मान रहे थे। उपचुनाव के दौरान सिद्धार्थ पर निलंबन की कार्रवाई भी की थी, जबकि मलैया को नोटिस तक भेजा गया था। इस कार्यवाही के बाद दमोह में एक कार्यक्रम में भाजपा नेता कैलाश विजयर्गीय ने खुद मंच से मलैया से माफी तक मांगी थी। अब तोमर ने मलैया की नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया है। 

दूसरे नेताओं से भी किया जाएगा संपर्क

भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिह तोमर ने मलैया के अलावा कुछ और नेताओं से संपर्क कर बातचीत की है। वे प्रदेशभर के नाराज पुराने नेताओं से इसी तरह की चर्चा करेंगें। माना जा रहा है कि पुराने नेताओं की नाराजगी को दूर करने के बाद इन नेताओं को चुनाव कार्य के अलावा अन्य चुनाव से संबंधित अह्म कार्यों की जिम्मेदारी संगठन सौंप सकता है। 

अमित शाह आएंगे आज

इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 26 जुलाई को भोपाल पहुंचेंगे। शाह नई दिल्ली से शाम 7.40 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रात्रि 8 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद रात 11.35 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से होटल ताज पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। अमित शाह 27 जुलाई को सुबह 10.30 बजे होटल ताज से भोपाल एयरपोर्ट पहुंचकर नई दिल्ली रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि ष्शाह राजधानी आने के बाद भाजपा के वरिश्ठ नेताओं के साथ एक बार फिर बैठक करेंगे। इस बैठक में वे पिछली बार 11 जुलाई को हुई बैठक में लिए फैसलों की जानकारी भी लेंगे। शाह के आने की तैयारियों में जुटे संगठन पदाधिकारी पिछले बैठक के फैसलों अब तक हुए अमल की जानकारी भी जुटा रहे हैं।  


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें