शनिवार, 8 जुलाई 2023

कमलनाथ का वादा, बेरोजगारों को मिलेगा न्याय

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज फिर बेरोजगार नौजवानों से वादा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके साथ न्याय किया जाएगा। कमलनाथ ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2020 के अभ्यर्थियों के साथ भी उनकी सरकार न्याय करेगी। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश का
नौजवान आज रोजगार चाहता है, अच्छा भविष्य चाहता है, लेकिन उसे बेहतर भविष्य की जगह झूठी घोषणाएं, झूठे वादे और झूठे जुमले दिए जा रहे हैं। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक नौजवान बेरोजगार हैं। इनकी समस्याओं का निराकरण करने की जगह इन्हें भ्रमित करके इनका भविष्य खराब किया जा रहा है। मैं मध्य प्रदेश के नौजवानों से अपील करता हूं कि वे अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहें। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही उनके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाएगा।

उन्होंने प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2020 के संबंध में अपनी माँगों लेकर अभ्यर्थी निरंतर आंदोलनरत हैं। वर्तमान सरकार की मानसिकता अभ्यर्थियों की बात सुनने की नहीं दिखाई देती, ऐसे में उससे कुछ भी कहना बेकार है। मैं सभी अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाता हूं कि 4 महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी, उस समय आप के साथ न्याय किया जाएगा।

सरकार सिर्फ अभिनय करने में है व्यस्त

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश से हर दिन अमानवीय अत्याचार और नागरिकों को सताए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विदिशा में कल एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। इससे पहले उनकी बेटी ने छेड़छाड़ से त्रस्त होकर आत्महत्या कर ली थी। यह कितनी बड़ी विडंबना है कि एक बेटी छेड़छाड़ से दुखी होकर आत्महत्या कर लेती है और उसे न्याय नहीं मिलता। तंग आकर उसके पिता को भी आत्महत्या करनी पड़ती है।  डबरा में अल्पसंख्यक समुदाय के युवक के साथ अत्याचार का वीडियो सामने आया। अगर यह घटनाएं भी शिवराज सरकार की आंखें नहीं खोल सकती तो आखिर कौन सा अत्याचार देखने के बाद इनकी आत्मा जागेगी। प्रदेश में दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिलाओं, सभी के साथ अत्याचार के समाचार सामने आ रहे हैं। सरकार सिर्फ लीपापोती करने, पाखंड करने और अभिनय करने में व्यस्त हैं। हमें इन हालात को बदलना है और एक सुखी और समृद्ध मध्यप्रदेश बनाना है। जहां बेटियां सुरक्षित हों, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और सर्व समाज सुरक्षित हो।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें