संतों ने मुख्यमंत्री को रविदास की जन्मभूमि की मिट्टी की भेंट
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सिंगरौली जिले के बैढ़न में संत रविदास समरसता यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर यात्रा में शामिल होने वाले संतों को सम्मानित किया गया। संतों ने मुख्यमंत्री शिवराज को संत रविदास की जन्म-भूमि की मिट्टी एवं गंगाजल भेंट किया।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि संत रविदास भारतीय संत परंपरा के शिरोमणि थे जिन्होंने सामाजिक सद्भाव, समरसता और समानता का मंत्र दिया। उन्होंने जात-पात, छुआछूत और कुप्रथाओं का कड़ा विरोध किया। वे परोपकारी, दयालु और मृदुभाषी थे। वे चर्म शिल्पी थे और जो कमाते थे दीन-दुखियों में बाँट देते थे, इस कारण पिता ने उन्हें घर से निकाल दिया था, परंतु उनका जन्म भक्ति और परोपकार के लिए था। वे समरसता के अग्रदूत थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों की रक्षा की। मैंने संत रविदास की जयंती पर 8 फरवरी को सागर में घोषणा की थी कि वहाँ 102 करोड़ रुपए की लागत से संत रविदास जी का भव्य मंदिर और स्मारक बनाया जाएगा, जो समाज को शांति, सद्भाव और समरसता का संदेश देगा। समाज में संत रविदास के संदेश और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में समरसता यात्राएँ निकाली जा रही हैं, जो 12 अगस्त को सागर पहुँचेंगी।
315 नदियों का जल ले जाया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित रथ प्रदेश के 46 जिलों और 53 हजार गाँवों से होकर निकलेंगे, जिनमें हर गाँव की मिट्टी और 315 नदियों का जल शिलान्यास स्थल पर ले जाया जाएगा। रथ में स्वामी रविदास की पादुका, चित्र और कलश होंगे, जिनका जगह-जगह पूजन किया जाएगा। रथ पर सामाजिक समरसता के संदेश उल्लेखित है।
प्रधानमंत्री करेंगे स्मारक का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सागर में संत रविदास के स्मारक का शिलान्यास करेंगे। यह भव्य स्मारक नागर शैली में बनाया जाएगा जिसमें संत रविदास के दोहे और शिक्षाएँ उकेरी जाएंगी। स्मारक में चार गैलरी होंगी। प्रथम गैलरी में संत रविदास का जीवन, दूसरी में इंटरप्रिटेशन सेंटर, तीसरी में उनका दर्शन और रविदासिया पंथ की शिक्षाएं और चौथी गैलरी में उनका काव्य और साहित्य लाइब्रेरी और संगत हॉल होगा। स्मारक के पास ही जलकुंड, भक्त-निवास और भोजन-शाला बनाई जाएगी।
पांच रूपए में मिलेगा भरपेट भोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के मंत्र पर चल रहे हैं। गरीबों को निःशुल्क राशन वितरण का कार्य सरकार कर रही है। हमने भी तय किया है कि मध्य प्रदेश की धरती पर जो बड़े शहरों में मजदूरी करने गरीब भाई-बहन आते हैं ऐसे गरीबों को 5 रुपए में भरपेट भोजन कराने का कार्य किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें