मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयारियां में जुट गई
है। ऐसे में केंद्रीय नेताओं के आने-जाने का सिलसिला भी लगातार जारी है। अब ख़बरों की माने तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल भोपाल दौरे पर आ रहें हैं। भले ही मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट तेज हो चली है, लेकिन, भाजपा सत्ता संगठन को लेकर उठती अटकलों पर विराम नहीं लग पाया है। इन्हीं कयासों के बीच एक बार फिर प्रदेश के आला नेताओं की धड़कने भी बढ़ने लगी है। जिसकी बड़ी वजह, अचानक से भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह का दौरा तय होना है। अमित शाह कल 11 जुलाई देर शाम भोपाल आएंगे, फिर भाजपा कार्यालय में संगठन की बैठक लेंगे। सूत्रों की मानें तो यह बैठक करीब 4 घंटे तक चलने वाली है। अब संगठन पदाधिकारी शाह के दौरे की तैयारियों में जुट गए हैं। अचानक तय हुए इस दौरे के बाद से ही अटकलों का बाजार फिर से गर्म हो गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा ने संगठन में बदलाव करते हुए चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। साथ ही चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी भी नियुक्त किए है। तब ऐसा माना जा रहा था कि प्रदेश संगठन में भी बदलाव हो सकता है। हालांकि, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। तब भाजपा ने प्रदेश संगठन में कोई बदलाव नहीं किया था। अब एक बार फिर शाह के दौरे से ये अटकलें लगनी शुरू हो गई है कि संगठन में बदलाव हो सकता है। अब कल ये बैठक ही तय करेगी की आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की दशा और दिशा किस ओर होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 22 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बालाघाट दौरे पर पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण प्लेन लैंडिग में रिस्क के मद्देनजर उनका वो दौरा रद्द कर दिया गया था। बता दें कि, बालाघाट से अमित शाह गौरव यात्रा का शुभारंभ करने वाले थे।
कोर कमेटी की लेंगे बैठक
गृहमंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे के शेड्यूल के अनुसार, वो मंगलवार शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने जा रही बैठक में शामिल होंगे। इसके लिए शाम 7.30 बजे वो भोपाल पहुंचेगें और बैठक के बाद रात करीब 11 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शाह के इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें