सोमवार, 24 जुलाई 2023

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे सौ करोड़ से बनने वाले मंदिर का भूमिपूजन

मध्यप्रदेश में पांच स्थानों से निकलेगी संत रविदास समरसता यात्रा

भोपाल। प्रदेश में पांच स्थानों से कल 25 जुलाई को भाजपा की संत रविदास समरसता यात्रा शुरू होगी। यात्रा का समापन 12 अगस्त को सागर में होगा। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सौ करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले संत रविदास मंदिर का भूमिपूजन करेंगे। 

यह जानकारी आज भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए दी। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि रविदास महाराज के दुनिया के सबसे बड़े मंदिर की आधारशिला 12 अगस्त को रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के सागर में मंदिर के लिए भूमिपूजन करेंगे। इसकी तैयारियां इतनी व्यापक चल रही है कि मंदिर निर्माण के लिए प्रदेश के हर गांव से एक-एक मुठ्ठी मिट्टी और हर नदी से जल एकत्रित किया जाएगा। 53 हजार गांवों से मिटटी एकत्रित की जाएगी। मंदिर निर्माण के भूमिपूजन के  लिए प्रदेश सरकार की इकाई जनअभियान परिषद द्वारा प्रदेश के 5 स्थानों से 25 जुलाई को संत रविदास मंदिर निर्माण यात्राएं निकालेगी, जिसको पार्टी के वरिष्ठ नेता ध्वज दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्राएं 12 अगस्त को सागर पहुचेंगी। 

कहां कौन करेगा यात्रा को रवाना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिंगरौली से, केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर श्योपुर से, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार जिले के मांडव से, प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेन्द्र सिंह बालाघाट से एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य व प्रदेश सरकार की मंत्री  ऊषा ठाकुर नीमच से समरसता यात्राओं को ध्वज दिखाकर रवाना करेंगी। यात्राएं 18 दिनों तक प्रदेश के 46 जिलों में भ्रमण करेंगी। इस दौरान 244 स्थानों पर जनसंवाद के कार्यक्रम होंगे, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय नेता, प्रादेशिक नेता एवं संत संबोधित करेंगे। 

55 हजार गांवों से एकत्रित करेंगे मिट्टी

जनअभियान परिषद के संयोजन में निकलने वाली यात्राएं प्रदेश के 55 हजार गांवों से सांकेतिक रूप से मिट्टी और एक मुट्ठी अन्न के साथ पवित्र नदियों और जलाशयों का जल एकत्र करते हुए सागर पहुंचेंगी। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में संत रविदास के भव्य मंदिर का शिलान्यास होगा।यात्रा में एकत्रित मिट्टी और जल का उपयोग मंदिर निर्माण में होगा। यह यात्राएं प्रदेश में संत रविदास के सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगी।  यात्राओं शामिल रथों में संत  रविदास महाराज का चित्र, चरण-पादुका और कलश रहेगा। यात्रा के दौरान प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित वर्ग के लिए किए गये कार्यों और संत रविदास के संदेश पर केंद्रित फोल्डर वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए प्रदेश स्तर पर 21 लोगों की टोली बनाई गई है, इसी प्रकार जिला, विधानसभा और मंडलों में भी यात्रा के सफल संचालन हेतु टोलियां बनी हैं।

कांग्रेस गठबंधन वाले राज्यों में ज्यादा हो रहे अत्याचार

भाजपा के अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यह कहते हैं कि मध्यप्रदेश में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं, तो उन्हें राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट का अवलोकन करना चाहिए। एनसीआरबी की रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है कि राजस्थान महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाओं और दलितों पर अत्याचार के मामलों में देश में नंबर वन है। जहां कांग्रेस के गठबंधन वाले दलों की सरकार है, वहां दलितों के साथ अनाचार और अत्याचार हो रहा है, झारखंड इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। वहीं पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी की सरकार में 3 हजार दलितों के मकान जला दिये गये। मल्लिकार्जुन खड़गे को जवाब देना चाहिए कि आखिर कांग्रेस और उसके गठबंधन वाले दलों की सरकार में दलितों और महिलाओं पर इतने अत्याचार कब रूकेंगे?


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें