सोमवार, 24 जुलाई 2023

मध्यप्रदेश आने से पहले शिवराज सरकार पर बरसे खरके

दलित, आदिवासी अत्याचार को लेकर बोला हमला

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरके ने मध्यप्रदेश की यात्रा करने के पहले भाजपा की सरकार पर हमला बोला है। खरके प्रदेश में लगातार घट रही दलित आदिवासियों के साथ घटनाओं को लेकर हमला किया है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा घटनाएं दलित और आदिवासी वर्ग के साथ हो रही है। इसे रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। 

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमलावर है। प्रदेश के नेताओं के अलावा अब कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं ने भी प्रदेश की शिवराज सरकार पर हमले तेज कर दिए है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मध्यप्रदेश के दो स्थानों पर सभाएं कर प्रदेश सरकार पर भ्रश्टाचार को लेकर हमला बोला था। प्रियंका गांधी ने भ्रश्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास किया है। वहीं अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरके ने भाजपा की शिवराज सरकार पर अत्याचारों खासकर दलित और आदिवासी वर्ग पर हो रहे अत्याचारों को लेकर हमला बोला है। खरके ने ट्वीट कर कहा कि मध्य प्रदेश में एक महीनें में ही दलित-आदिवासी अत्याचार की दूसरी बेहद निंदनीय व पीड़ादायक वारदात हुई है, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाली है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि एनसीआरबी की रिपोर्ट 2021 के मुताबिक़, भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के ख़लिफ़ अपराधों का रेट सबसे ज़्यादा है। आदिवासियों के ख़लिफ़ सबसे अधिक अपराध हुए है, हर दिन 7 से ज़्यादा अपराध हुए।  खरके ने लिखा कि मध्य प्रदेश के हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के नागरिक दशकों से भाजपाई कुशासन में अपमान का घूँट पी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का “सबका साथ“, केवल विज्ञापनों में सिमटकर, एक दिखावटी नारा और पीआर स्टंट बनकर रह गया है ! उन्होंने लिखा कि भाजपा, हर दिन बाबा साहेब अंबेडकर जी के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है।  हम मांग करते हैं कि छतरपुर जिले की इस घटना पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो !

13 अगस्त को आएंगे सागर

गौरतलब है कि खरके इन अगस्त महीने की 13 तारीख को मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के सागर का दौरा करने वाले हैं। यहां पर कांग्रेस उनकी एक बड़ी सभा की तैयारी में जुटी है। खरके के दौरे के एक दिन पहले भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दौरा तय किया हुआ है। प्रधानमंत्री 12 अगस्त को सागर आएंगे। प्रधानमंत्री सागर जिले में बन रहे संत रविदास मंदिर निर्माण का कार्य का भूमिपूजन कर मंदिर की आधार शिला रखेंगे। इस मंदिर का निर्माण सौ करोड़ की लागत से किया जाना है। इसके लिए मध्यप्रदेश भाजपा ने पांच जिलों से संत रविदास समरसता यात्रा निकालने की तैयारी की है। ये यात्राएं 25 जुलाई से निकलेंगे। यात्रा प्रदेश के करीब 187 विधानसभा सीटों से होकर निकली जाने की तैयारी की जा रही है। इस यात्रा के जरिए भाजपा दलित वर्ग के मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रही है। 

क्या है सियासी गणित 

प्रदेश की करीब आठ करोड़ आबादी में से 15.6 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति वर्ग की है। प्रदेश में 230 सीटों में से 35 सीटें अनूसचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। 2003 और 2013 तक अनुसूचित जाति वर्ग का साथ मिलने पर भाजपा सत्ता में काबिज रही, लेकिन 2018 में इस वर्ग के छिटकने से भाजपा के हाथ से सत्ता चली गई। इस वर्ष कांग्रेस ने 18 और भाजपा ने 17 सीटें जीती थी। जबकि 2013 में भाजपा के पास 28 सीटें थी। भाजपा इस वर्ग को एक बार फिर अपने पक्ष में लाना चाह रही है, ताकि वह बहुमत हासिल कर प्रदेश में एक बार फिर सरकार बना सके। वहीं दूसरी और कांग्रेस भी इस वर्ग को साधने का प्रयास कर रही है। इसके चलते कांग्रेस ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरके को चुनाव के पहले प्रदेश में सक्रिय करने का प्रयास किया है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें